हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया इस समय अपने कड़े फैसलों और बेबाक बयानों के कारण जबरदस्त चर्चा में हैं। आयोग के मामलों की सुनवाई के दौरान जहां दो पक्षों के बीच तीखा हंगामा देखने को मिला, वहीं कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के विरोध के बावजूद उन्होंने माफी मांगने से साफ मना कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े कानूनों की समीक्षा करने की भी पुरजोर मांग उठाई है। हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने आज सोमवार को फरीदाबाद में आयोजित जनसुनवाई में लगभग 33 मामलों की सुनवाई की गई। जिनमें से दो-तीन मामलों का आपसी समझौते के माध्यम से समाधान कराया गया और इनमें से ज्यादातर मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
कई बार पुलिस और परिवार के सहयोग से समझौता हो जाता
उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा मामलों में संबंधित पक्षों को नोटिस भेजे जाने के बाद कई बार पुलिस और परिवार के सहयोग से समझौता हो जाता है, जो समाज और परिवार दोनों के लिए सकारात्मक परिणाम होता है। हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने कहा कि जनसुनवाई में आने वाले अधिकांश मामले आपसी संबंधों और विवाह संबंधी विवादों से जुड़े होते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में लगभग 60 प्रतिशत मामले ऐसे सामने आ रहे हैं जिनमें युवक-युवतियां सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से संबंध स्थापित करते हैं, लेकिन बाद में परिवारों को जानकारी नहीं होने या अन्य कारणों से विवाद उत्पन्न हो जाते हैं। कई मामलों में विवाह का आश्वासन देकर संबंध बनाए जाते हैं और बाद में विभिन्न बहाने बनाकर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया जाता है। आयोग ऐसे मामलों में दोनों पक्षों को सुनकर न्यायसंगत समाधान निकालने का प्रयास करता है।
केसों की सुनवाई में हंगामा, एक व्यक्ति भेजा गया थाना
राज्य महिला आयोग के समक्ष लंबित केसों की नियमित सुनवाई के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब दो पक्ष आपस में बुरी तरह भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर हंगामा और बहसबाजी हुई। माहौल बिगड़ता देख चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने सख्त प्रशासनिक रुख अपनाया और तुरंत दखल देते हुए हंगामे पर काबू पाया। अनुशासन भंग करने और कार्यवाही में बाधा डालने के आरोप में उन्होंने मौके से ही एक पक्ष के व्यक्ति को हिरासत में लेकर पुलिस थाने भिजवा दिया।
कुरुक्षेत्र अस्पताल निरीक्षण विवाद: माफी का सवाल ही नहीं उठता
कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी सरकारी अस्पताल में एक 15 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ डॉक्टर द्वारा दुष्कर्म की घिनौनी वारदात सामने आई थी। इस संवेदनशील मामले का संज्ञान लेते हुए रेनू भाटिया ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को जमकर फटकार लगाई थी।
नर्सों की 'पेनडाउन स्ट्राइक'
चेयरपर्सन की टिप्पणियों और कार्रवाई के विरोध में अस्पताल की नर्सों ने पेनडाउन स्ट्राइक कर उनसे माफी की मांग की। रेनू भाटिया ने अपने बयान पर कायम रहते हुए स्पष्ट किया कि वह किसी भी कीमत पर माफी नहीं मांगेंगी। उनका तर्क है कि इतनी बड़ी घटना के वक्त वॉर्ड या ओपीडी से महिला नर्सिंग स्टाफ का गायब रहना बेहद गंभीर लापरवाही है। इसी लापरवाही के मद्देनजर उन्होंने तुरंत तीन आरोपी नर्सों को हटाने और प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर पर भी कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए हैं।
चेयरपर्सन की दलील
उन्होंने भावुक और कड़े शब्दों में कहा, "अगर ऐसी घिनौनी वारदात किसी और के परिवार की बच्ची के साथ होती, तो वे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की मांग करते। इसलिए इस मामले में पीछे हटने या माफी मांगने का कोई औचित्य नहीं है।"
लिव-इन रिलेशनशिप पर बड़ा दावा: 60% मामलों में होते हैं विवाद
महिलाओं से जुड़े अपराधों और अपीलों का हवाला देते हुए रेनू भाटिया ने समाज में बढ़ते लिव-इन रिलेशनशिप के चलन पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की है। चेयरपर्सन के अनुसार, लिव-इन रिलेशनशिप के लगभग 60 प्रतिशत मामलों में आगे चलकर गंभीर विवाद पैदा हो जाते हैं। शुरुआती सहमति के बाद दोनों पक्ष बाद में एक-दूसरे पर शोषण और धोखाधड़ी जैसे संगीन आरोप लगाते हैं।
उन्होंने कहा कि भले ही देश की न्याय व्यवस्था में लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर कानून बने हुए हैं, लेकिन समय और परिस्थितियों के अनुसार कानूनों में बदलाव होना अनिवार्य है। समाज और महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर, लिव-इन से जुड़े वर्तमान कानूनों की गहराई से समीक्षा की जानी चाहिए और इनमें आवश्यक संशोधन किए जाने चाहिए ताकि इसके नाम पर होने वाले विवादों और अपराधों को रोका जा सके।
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?