loader
The Haryana Story | नायब सैनी के क्रिकेट प्रेम के मुरीद हुए माइकल क्लार्क, हरियाणा में क्रिकेट एकेडमी खोलने की जताई इच्छा

नायब सैनी के क्रिकेट प्रेम के मुरीद हुए माइकल क्लार्क, हरियाणा में क्रिकेट एकेडमी खोलने की जताई इच्छा

संत कबीर कुटीर में जमा क्रिकेट का रंग, पूर्व विश्वकप विजेता कप्तान माइकल क्लार्क की गेंद पर सीएम नायब सिंह सैनी ने जड़ा शानदार छक्का

ऑस्ट्रेलिया के विश्वकप विजेता पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री आवास 'संत कबीर कुटीर' पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। भारत और अफगानिस्तान के बीच न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर) में आयोजित टेस्ट मैच में कमेंट्री करने आए क्लार्क इस शिष्टाचार भेंट के दौरान मुख्यमंत्री के साथ बेहद दोस्ताना अंदाज में क्रिकेट खेलते नजर आए।

मुख्यमंत्री के क्रिकेट शॉट की जमकर हो रही चर्चा

चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास 'संत कबीर कुटीर' में सोमवार रात एक बेहद अनोखा और दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के दिग्गज माइकल क्लार्क और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक फ्रैंडली मैच में आमने-सामने थे। इस दौरान दोनों के बीच खेल, फिटनेस और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को लेकर सार्थक चर्चा हुई। इस मुलाकात के बाद सोशल मीडिया और मीडिया गलियारों में मुख्यमंत्री के क्रिकेट शॉट की जमकर चर्चा हो रही है।

सीएम नायब सिंह सैनी ने जड़ दिया एक बेहतरीन छक्का

मैच के दौरान जब माइकल क्लार्क ने मुख्यमंत्री को एक गेंद फेंकी, तो सीएम नायब सिंह सैनी ने शानदार टाइमिंग के साथ बल्ला घुमाते हुए उस पर एक बेहतरीन छक्का जड़ दिया। खुद विश्व विजेता कप्तान भी इस शॉट को देखकर हैरान रह गए और उन्होंने हाथ उठाकर छक्के का इशारा किया। मैच के बाद क्लार्क ने मुख्यमंत्री को अपने ऑटोग्राफ वाला एक खास क्रिकेट बैट भी गिफ्ट के रूप में भेंट किया।

मुझे अब गेंदबाजी बंद कर देनी चाहिए

मुख्यमंत्री से मुलाकात और क्रिकेट मैच खेलने के बाद ऑस्ट्रेलियाई पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क बेहद खुश और प्रभावित नजर आए। उन्होंने अपने इस अनुभव को साझा करते हुए मुस्कुराते हुए कहा, "मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलकर मुझे बहुत अच्छा लगा। मैंने उन्हें एक गेंद फेंकी और उन्होंने मुझे उस पर एक करारा छक्का जड़ दिया। उनका खेल के प्रति यह प्यार और जुनून देखकर मुझे लगता है कि अब मुझे गेंदबाजी पूरी तरह बंद कर देनी चाहिए।

हरियाणा की खेल प्रतिभाओं की खुलकर की तारीफ

माइकल क्लार्क ने हरियाणा की खेल प्रतिभाओं की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बेहतरीन एथलीट्स और युवा खिलाड़ी मौजूद हैं और भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच के खेल संबंध हमेशा से बेहद मजबूत रहे हैं। क्लार्क ने आगे उम्मीद जताई कि, "मुझे पूरी उम्मीद है कि हम हरियाणा से भविष्य में और भी अच्छे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर निकाल सकेंगे। मैं इस प्रदेश में और समय बिताना चाहता हूँ और शायद यहाँ अपनी एक क्रिकेट एकेडमी भी शुरू करूँ, ताकि कुछ युवा ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को यहाँ लाकर और भारतीय प्रतिभाओं को ऑस्ट्रेलिया ले जाकर क्रिकेट को और बेहतर बनाया जा सके।"

Join The Conversation Opens in a new tab
×