loader
The Haryana Story | रोहतक डी-पार्क अग्निकांड: पीड़ितों के बीच पहुंचे सीएम नायब सैनी, तुरंत आर्थिक मदद का ऐलान, नुकसान के सटीक आकलन के निर्देश

रोहतक डी-पार्क अग्निकांड: पीड़ितों के बीच पहुंचे सीएम नायब सैनी, तुरंत आर्थिक मदद का ऐलान, नुकसान के सटीक आकलन के निर्देश

सीएम सैनी ने व्यापारियों को बंधाया ढांढस, मुख्यमंत्री राहत कोष से तत्काल वित्तीय सहायता घोषित, बोले- 'जीवनभर की कमाई गंवा चुके व्यापारियों के साथ खड़ी है सरकार'

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को रोहतक के मॉडल टाउन स्थित डी-पार्क मार्केट का दौरा किया। यहाँ उन्होंने पिछले दिनों हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी संचालकों से मुलाकात कर उनका दर्द साझा किया। मुख्यमंत्री ने इस संकट की घड़ी में सभी पीड़ितों को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि सरकार उनके पुनर्वास और नुकसान की भरपाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री राहत कोष से तत्काल वित्तीय सहायता का ऐलान

अग्निकांड के कारण अपनी जीवनभर की कमाई गंवा चुके छोटे-बड़े व्यापारियों को तुरंत राहत देने के लिए मुख्यमंत्री ने सीएम राहत कोष से विशेष सहायता राशि जारी करने की घोषणा की है। जूता शोरूम संचालकों के पूरी तरह नष्ट हुए शोरूम के मालिकों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। आनंद जूस और सहगल फ्रूट जूस के संचालकों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि मिलेगी और आग की चपेट में आने वाले छोटे रेहड़ी संचालकों को 50-50 हजार रुपये की मुआवजा राशि दी जाएगी।

प्रशासन को निर्देश: नुकसान का जल्द हो सटीक आकलन

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने घटनास्थल पर ही जिला प्रशासन और शहरी स्थानीय निकाय (ULB) विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे आग से हुए वास्तविक नुकसान का त्वरित और सटीक आकलन करें। उन्होंने कहा कि नुकसान की रिपोर्ट जल्द से जल्द मुख्यमंत्री कार्यालय को सौंपी जाए ताकि व्यापारियों को आगे की अतिरिक्त सहायता बिना किसी देरी के पहुंचाई जा सके। दुकानदारों ने शुरुआती तौर पर करीब 9 करोड़ रुपये से अधिक के सामान के नुकसान का दावा किया है।

मृतकों के परिजनों से भी मिले सीएम, जताया गहरा शोक

इस दर्दनाक हादसे में अपनी जान गंवाने वाले तीन युवकों अमन,रोहित और कपिल के शोकाकुल परिवारों से मिलने मुख्यमंत्री उनके घर भी पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और दोहराया कि जान-माल के इस नुकसान की भरपाई तो नामुमकिन है, लेकिन सरकार संकट के हर मोड़ पर उनके साथ खड़ी है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने हादसे के तुरंत बाद ही मृतकों के परिवारों के लिए 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि (Ex-gratia) और घायलों के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद के साथ सरकारी अस्पताल में मुफ्त इलाज की घोषणा पहले ही कर दी थी।

शॉर्ट सर्किट के कारण भड़की थी भीषण आग

यह दर्दनाक हादसा रोहतक के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र डी-पार्क के पास 9 जून को हुआ था, जहां शुरुआती जांच के मुताबिक एक एसी कंप्रेसर फटने और शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लगी थी। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने देखते ही देखते करीब एक दर्जन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया था। राहत और बचाव कार्य के लिए रोहतक समेत आसपास के कई जिलों से दमकल गाड़ियां और प्रशासनिक अमला मौके पर तैनात रहा था। मुख्यमंत्री ने विकराल आग पर काबू पाने के लिए पूरी मुस्तैदी से काम करने वाले फायर ब्रिगेड कर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों की भी सराहना की।

Join The Conversation Opens in a new tab
×