loader
The Haryana Story | अनिल विज बोले- अमेरिका-ईरान समझौते से भारत को बड़ा फायदा, युद्ध नहीं, समझौता ही सही रास्ता, एसआईआर प्रक्रिया पर भी दिया बड़ा बयान

अनिल विज बोले- अमेरिका-ईरान समझौते से भारत को बड़ा फायदा, युद्ध नहीं, समझौता ही सही रास्ता, एसआईआर प्रक्रिया पर भी दिया बड़ा बयान

हरियाणा में मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने के लिए एसआईआर प्रक्रिया का स्वागत

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने दो बड़े समसामयिक मुद्दों पर महत्वपूर्ण बयान जारी किया है, अम्बाला छावनी में मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए उन्होंने जहाँ एक तरफ अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध समाप्ति की वार्ताओं को वैश्विक और भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बड़ी राहत बताया, वहीं दूसरी तरफ राज्य में शुरू हुई 'एसआईआर' प्रक्रिया को स्वच्छ लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार स्तंभ करार दिया।

अमेरिका-ईरान वार्ता: युद्ध नहीं, समझौता ही सही रास्ता

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर चल रही शांति वार्ताओं की सराहना की है। अनिल विज ने कहा कि वैश्विक संकेतों के अनुसार अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्ति को लेकर चल रहा समझौता लगभग तय माना जा रहा है। युद्ध के बजाय बातचीत से मामले को हल करना हमेशा एक सराहनीय कदम होता है।

भारतीय अर्थव्यवस्था और तेल आपूर्ति को लाभ

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस समझौते से भारत को सीधा और बड़ा आर्थिक लाभ मिलेगा। भारत अपनी कुल आवश्यकता का 25 से 30 प्रतिशत पेट्रोलियम मिडिल ईस्ट के देशों से आयात करता है। युद्ध के कारण यह पूरी आपूर्ति शृंखला बाधित हो गई थी। 

नाविकों की शहादत को नमन

उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए याद दिलाया कि इस युद्ध जनित परिस्थितियों और संकट के बीच हमारे तीन भारतीय नाविकों को अपने प्राणों का बलिदान देना पड़ा था। मंत्री ने उम्मीद जताई कि यदि ये व्यापारिक और समुद्री रास्ते दोबारा सुगम हो जाते हैं, तो देश में पेट्रोलियम पदार्थों की मिल रही दिक्कतों और किल्लत से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

हरियाणा में एसआईआर प्रक्रिया: स्वच्छ मतदान व्यवस्था के लिए त्रुटिहीन वोटर लिस्ट जरूरी

राज्य के भीतर आज से शुरू हो रही मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण यानी एसआईआर प्रक्रिया पर भी ऊर्जा मंत्री ने अपना कड़ा और सकारात्मक रुख साझा किया। विज ने कहा कि देश में एक पारदर्शी और स्वच्छ प्रजातांत्रिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए सही मतदाता सूचियों का होना बेहद अनिवार्य है। चुनाव आयोग का यह संवैधानिक अधिकार और कर्तव्य है कि वह इस प्रक्रिया को समय पर पूरा करे।

त्रुटियों पर प्रहार

उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से यह प्रक्रिया न होने के कारण वोटर लिस्ट में भारी विसंगतियाँ आ गई थीं। इस प्रक्रिया के माध्यम से उन गड़बड़ियों को ठीक किया जाएगा, जो लोग एक स्थान से दूसरे स्थान पर पलायन कर चुके हैं, उनके नाम काटे जाएंगे। वर्ष 2002 के बाद जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, उनके नाम सूचियों से हटाए जाएंगे। जानबूझकर या धोखे से गलत तरीके से जुड़वाए गए फर्जी नामों को हटाया जाएगा।

जनता से सहयोग की अपील

मंत्री विज ने हरियाणा के प्रत्येक नागरिक से इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग देने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि बीएलओ हर घर जाकर सत्यापन करेंगे, इसलिए सभी को पूरी तरह से सटीक और सही जानकारी उपलब्ध करानी चाहिए ताकि एक त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार की जा सके।

Join The Conversation Opens in a new tab
×