loader
The Haryana Story | पानीपत को मिली पहली महिला कॉलेज की सौगात: मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दी विधायक प्रमोद विज के 'ड्रीम प्रोजेक्ट' को मंजूरी

पानीपत को मिली पहली महिला कॉलेज की सौगात: मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दी विधायक प्रमोद विज के 'ड्रीम प्रोजेक्ट' को मंजूरी

इस फैसले के बाद से पूरे जिले की महिलाओं और छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह और खुशी की लहर

हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार ने पानीपत वासियों, विशेषकर छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक और नायाब तोहफा दिया है। स्थानीय विधायक प्रमोद विज के लंबे समय से जारी प्रयासों और उनके ड्रीम प्रोजेक्ट को अमलीजामा पहनाते हुए राज्य सरकार ने पानीपत शहर के पहले सरकारी महिला कॉलेज की स्थापना को आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस फैसले के बाद से पूरे जिले की महिलाओं और छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह और खुशी की लहर है।

विधायक का ड्रीम प्रोजेक्ट हुआ सच

विधायक प्रमोद विज लंबे समय से पानीपत में एक अलग महिला कॉलेज की मांग उठा रहे थे। वह सार्वजनिक मंचों और विभिन्न कार्यक्रमों में हमेशा इस बात का जिक्र करते थे कि शहर की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े। मंगलवार को हरियाणा सरकार की ओर से मिली इस प्रशासनिक मंजूरी ने उनके इस सपने को धरातल पर उतार दिया है।

शीर्ष नेतृत्व और मंत्रियों का जताया आभार

इस बड़ी सौगात के मिलने पर विधायक प्रमोद विज ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, सूबे के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और राज्यसभा सांसद संजय भाटिया का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों और शीर्ष नेतृत्व के सहयोग के बिना यह मील का पत्थर हासिल करना संभव नहीं था।

बेटियों को मिलेगी सुरक्षित शिक्षा

शहर में महिला कॉलेज खुलने से छात्राओं को Co-ed कॉलेजों या शहर से बाहर जाने की मजबूरी से मुक्ति मिलेगी। इस कॉलेज का लाभ केवल पानीपत शहर ही नहीं, बल्कि जीटी रोड बेल्ट और आसपास के ग्रामीण इलाकों से आने वाली हजारों छात्राओं को मिलेगा। उच्च शिक्षा के सुलभ होने से क्षेत्र में महिला साक्षरता और उनके आत्मनिर्भर बनने की राह आसान होगी।

विधायक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सरकार से मंजूरी मिलने के तुरंत बाद अब कॉलेज की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं। जैसे ही डीपीआर को अंतिम रूप दिया जाएगा, कॉलेज भवन के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाकर बेटियों को समर्पित इस संस्थान को चालू किया जा सके।इस घोषणा के बाद पानीपत की कई महिला संस्थाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और छात्राओं ने विधायक प्रमोद विज का मुंह मीठा करवाकर सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। 

पढ़ेंगी बेटियां तो बढेंगी बेटियाँ

विधायक प्रमोद विज ने बातचीत में ये कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के सपने को साकार करते हुए हरियाणा सरकार द्वारा पानीपत शहर को महिला कॉलेज की सौगात हेतु वे मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल एवं शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, राज्यसभा सांसद संजय भाटिया का आभार व्यक्त करते हैं जिनके नेतृत्व में हरियाणा एवं पानीपत शिक्षा के क्षेत्र में नित नए आयाम स्थापित कर रहा है। शहर की बेटियों को पढ़ने हेतु सरकार के द्वारा दी गई सौगात हेतु पानीपत की जनता के तरफ से आभार व्यक्त करते है। विज ने कहा कि भाजपा सरकार ने महिला सशक्तीकरण हेतु अनेक कार्य किये है। बेटियाँ पढ़ेंगी तो आगे बढेंगी और समाज का नाम रोशन करेंगी। शीघ्र ही महिला कॉलेज का निर्माण कार्य चालू किया जायेगा।

Join The Conversation Opens in a new tab
×