loader
The Haryana Story | हरियाणा बना देश का सबसे असुरक्षित प्रदेश, पूर्व सीएम हुड्डा का सरकार पर बड़ा हमला, राम मंदिर चंदा गबन पर बोले-'कुछ न कुछ गड़बड़ तो जरूर है'

हरियाणा बना देश का सबसे असुरक्षित प्रदेश, पूर्व सीएम हुड्डा का सरकार पर बड़ा हमला, राम मंदिर चंदा गबन पर बोले-'कुछ न कुछ गड़बड़ तो जरूर है'

जेल में बैठे गैंगस्टर करवा रहे हत्याएं,कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल, 50 से 60 गैंग एक्टिव,अपराधियों के आगे बेबस दिख रही सरकार

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की मौजूदा कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। झज्जर शहर के अंबेडकर चौक स्थित जटिया धर्मशाला में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए हुड्डा ने कहा कि आज हरियाणा अपराधियों की शरणस्थली बन चुका है और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

जेल से चल रहा है गैंगस्टरों का नेटवर्क

हुड्डा ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जेलें अब अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाने बन चुकी हैं। जेलों में बैठे-बैठे गैंगस्टर हत्या, रंगदारी और अपहरण जैसी वारदातों की साजिश रच रहे हैं और उन्हें अंजाम दिलवा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन का इकबाल पूरी तरह खत्म हो चुका है। 

प्रदेश में 50 से 60 गैंग एक्टिव, सरकार बेबस

पूर्व मुख्यमंत्री ने सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया तंत्र को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आज हरियाणा में 50 से 60 सक्रिय आपराधिक गिरोह (गैंग) बेखौफ होकर काम कर रहे हैं। व्यापारी, डॉक्टर और आम नागरिक डरे हुए हैं। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे सोशल मीडिया पर सरेआम हत्याओं और वारदातों की जिम्मेदारी ले रहे हैं, लेकिन सरकार उनके आगे पूरी तरह बेबस और लाचार दिखाई दे रही है।

हमारे राज में हरियाणा छोड़कर भागे थे बदमाश

अपने कार्यकाल की याद दिलाते हुए हुड्डा ने कहा, 'जब हरियाणा में कांग्रेस की सरकार थी, तब हमने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया था। हमारे डर से बदमाश या तो जेल की सलाखों के पीछे थे या हरियाणा छोड़कर भाग गए थे। लेकिन आज भाजपा-जजपा के कुशासन ने प्रदेश को दोबारा अपराध के दलदल में धकेल दिया है, जहां अपराधियों का बोलबाला है।

राम मंदिर चंदा गबन मामले पर एसआईटी जांच की मांग

बैठक के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राम मंदिर के चंदे में हुए कथित गबन के आरोपों पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, "चंदे के मामले में कुछ न कुछ गड़बड़ तो जरूर हुई है। इसकी सच्चाई सामने आना बेहद जरूरी है। इस पूरे मामले की एक निष्पक्ष एसआईटी जांच होनी चाहिए, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।

जनता में डर का माहौल, जनता सिखाएगी सबक

हुड्डा ने कहा कि हरियाणा जो कभी दूध-दही के खाने और विकास के लिए जाना जाता था, आज वह देश का सबसे असुरक्षित प्रदेश बनकर रह गया है। कानून व्यवस्था के फेल होने के कारण नया निवेश नहीं आ रहा है और बेरोजगारी बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की इन नाकामियों को जनता के बीच लेकर जाएं। बैठक में पूर्व शिक्षा मंत्री एवं झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा का स्वागत किया। इस अवसर पर रोहतक से कांग्रेस विधायक बीबी बतरा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×