बहादुरगढ़ शहर और पूरे झज्जर जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अपनी कार्रवाई को काफी तेज कर दिया है। शहर की सड़कों को जाम से मुक्ति दिलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों को सबक सिखाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बहादुरगढ़ शहर में यातायात नियमों को ताक पर रखने वालों के खिलाफ लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
रोजाना ऐसे 200 से 250 वाहनों के चालान काटे जा रहे
शहर के विभिन्न हिस्सों में बनाए गए 'नो-पार्किंग जोन' में अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों पर विशेष कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा रोजाना ऐसे 200 से 250 वाहनों के चालान काटे जा रहे हैं। इंस्पेक्टर सतीश कुमार के मुताबिक, पूरे महीने की बात करें तो यातायात नियमों का पालन न करने वाले 2,000 से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य शहर की सड़कों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति को खत्म करना है।
15 साल पुराने वाहनों के खिलाफ महाअभियान
नो-पार्किंग के साथ-साथ ट्रैफिक पुलिस ने 15 साल पुराने वाहनों के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया है। सरकार की स्क्रैप पॉलिसी के तहत अपनी निर्धारित आयु पूरी कर चुके या यूं कहें कि कंडम हो चुके वाहनों को सड़क पर दौड़ाने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जा रहा है। पिछले एक महीने के भीतर 51 पुराने दुपहिया वाहनों को इंपाउंड किया गया है। पूरे जिले में अब तक 100 से अधिक ऐसे पुराने वाहनों को जब्त कर पुलिस थाने लाया जा चुका है। बहादुरगढ़ के सेक्टर-6 स्थित ट्रैफिक थाना परिसर में इम्पाउंड किए गए सैकड़ों वाहनों का अंबार लग गया है।
जब्त वाहन नहीं होंगे वापस, अपनानी होगी स्क्रैप पॉलिसी
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि सरकार के नियमों के अनुसार 15 साल की अवधि पार कर चुके वाहनों को सड़कों पर चलाना पूरी तरह से गैरकानूनी है। पकड़े जाने पर इन वाहनों को तुरंत जब्त किया जा रहा है।अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि इम्पाउंड किए गए इन वाहनों को अब किसी भी सूरत में मालिकों को वापस नहीं किया जाएगा। इन वाहन मालिकों को सरकार की आधिकारिक स्क्रैप पॉलिसी के तहत ही निर्धारित प्रक्रिया को अपनाना होगा और अपने वाहनों को स्क्रैप घोषित करना पड़ेगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और समय सीमा पूरी कर चुके वाहनों को सड़कों पर न निकालें।
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?