loader
The Haryana Story | हुड्डा का सैनी सरकार पर तीखा हमला, बोले-'यह सिर्फ कर्ज बढ़ाने वाली सरकार है' प्रदेश के विकास का कोई रोडमैप ही नहीं

हुड्डा का सैनी सरकार पर तीखा हमला, बोले-'यह सिर्फ कर्ज बढ़ाने वाली सरकार है' प्रदेश के विकास का कोई रोडमैप ही नहीं

हुड्डा बोले - 'बैंक घोटाले की हो हाईकोर्ट जज से जांच, हरियाणा के युवाओं के साथ हो रहा अन्याय'

हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की भाजपा-नीत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में इस समय कानून का राज खत्म हो चुका है और यह सरकार जनता पर कर्ज बढ़ाने के अलावा कोई काम नहीं कर रही है। उन्होंने बैंक घोटाले, एचपीएससी में कथित भ्रष्टाचार, विधायकों को मिल रही धमकियों और राजस्थान के साथ हुए जल समझौते पर सरकार को घेरा है।

बैंक घोटाला बड़ा मामला, हाई कोर्ट के जज की निगरानी में हो जांच

हुड्डा ने हाल ही में सामने आए आईडीएफसी फर्स्ट बैंक घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि भले ही इस मामले की जांच सीबीआई  कर रही है, लेकिन यह एक बहुत बड़ा घोटाला है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे बैंक घोटाले की निष्पक्ष जांच हाई कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में होनी चाहिए ताकि इस खेल में शामिल बड़े चेहरों और अधिकारियों को बेनकाब किया जा सके।

भ्रष्टाचार का अड्डा बना HPSC, हरियाणा के बच्चों के साथ अन्याय

हरियाणा लोक सेवा आयोग पर सीधा हमला बोलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "एचपीएससी इस समय पूरी तरह से भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। भर्तियों में भारी गड़बड़ियां हो रही हैं और हरियाणा से बाहर के बच्चों को नौकरियां दी जा रही हैं"। हुड्डा ने बताया कि पीड़ित बच्चे अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं और वे खुद उन बच्चों के बीच धरना स्थल पर गए थे। उन्होंने युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए इस पूरे भर्ती तंत्र की जांच हेतु तुरंत एक हाई पावर कमेटी बनाने की मांग की है।

महम विधायक बलराम डांगी को धमकी: विधायकों की सुरक्षा करने में सरकार नाकाम

प्रदेश की बदहाल कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए हुड्डा ने रोहतक के महम से कांग्रेस विधायक बलराम डांगी का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि पहले तो विधायक बलराम डांगी के दफ्तर पर सरेआम गोलियां चलाई गईं और अब बदमाशों द्वारा उनसे 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी जा रही है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा, 'जब जनता के चुने हुए विधायकों के साथ ऐसा बर्ताव हो रहा है और उन्हें विदेशी नंबरों से धमकियां आ रही हैं, तो आम आदमी की सुरक्षा का क्या होगा? हुड्डा ने मांग की कि सरकार अपनी जिम्मेदारी समझे, विधायकों व जनता को पूरी सुरक्षा दे और कानून-व्यवस्था को तुरंत चुस्त-दुरुस्त करे।

जल समझौते पर घेरा: पहले हरियाणा के हिस्से का पानी लो, फिर राजस्थान को दो

हरियाणा और राजस्थान के बीच हाल ही में हुए यमुना जल समझौते पर तंज कसते हुए हुड्डा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि सीएम सैनी बार-बार पंजाब जा रहे हैं। हुड्डा ने कहा, 'सरकार ने राजस्थान के साथ समझौता तो कर लिया, लेकिन मुख्यमंत्री को पहले पंजाब से हमारे हिस्से का SYL पानी मांगना चाहिए। पहले हमारा हक पूरा हो, फिर राजस्थान को पानी दिया जाए।"इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय जल संकट का मुद्दा उठाते हुए मांग की कि चैनोत गांव के लोगों को तुरंत पीने का पानी मिलना चाहिए और हांसी शहर को भी उसका पूरा पानी दिया जाना चाहिए।

'यह सिर्फ कर्ज बढ़ाने वाली सरकार है'

प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में हुड्डा ने कहा कि मौजूदा सरकार के पास प्रदेश के विकास का कोई रोडमैप नहीं है। यह सरकार केवल लोकलुभावन वादे कर राज्य पर कर्ज का बोझ बढ़ा रही है, जिससे हरियाणा का हर नागरिक परेशान हो चुका है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×