loader
The Haryana Story | भाजपा की अहम बैठक, मनोहर 'वापसी' के कयासों से लेकर 'पंजाब सीएम के इस्तीफे' की मांग तक, संजय भाटिया ने खोले कई राज

भाजपा की अहम बैठक, मनोहर 'वापसी' के कयासों से लेकर 'पंजाब सीएम के इस्तीफे' की मांग तक, संजय भाटिया ने खोले कई राज

मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की वापसी के कयासों पर लगाया विराम

भाजपा जिला कार्यालय में करनाल में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद राज्यसभा सांसद संजय भाटिया ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश की राजनीति, कानून-व्यवस्था और राष्ट्रीय मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पार्टी कार्यकर्ताओं और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मिलकर भविष्य की विकास योजनाओं पर मंथन किया।

सीएम पद पर मनोहर लाल की वापसी के कयासों पर विराम

प्रदेश में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की वापसी के कयासों पर संजय भाटिया ने पूरी तरह विराम लगा दिया। उन्होंने मौजूदा मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश में बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं। सीएम सैनी जनता के हितों के लिए दिन-रात बेहद लगन और मेहनत से जुटे हुए हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार और संगठन में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित अन्य भाजपा नेताओं की भूमिका में बदलाव के सवाल पर सांसद ने दार्शनिक अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने साफ कहा कि 'परिवर्तन संसार का नियम है' और पार्टी समय-समय पर देश और संगठन के हित में नेताओं की भूमिकाएं तय करती रहती है।

राम मंदिर चंदे में गड़बड़ी पर सख्त रुख

अयोध्या राम मंदिर के चंदे में हुई कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के सवाल पर सांसद ने सरकार का कड़ा रुख साफ किया। सरकार ने इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। जांच के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

पेट्रोल में एथनॉल मिलाने की शिकायतों पर सफाई

वाहन चालकों द्वारा पेट्रोल में एथनॉल मिलाने से आ रही तकनीकी शिकायतों पर जवाब देते हुए भाटिया ने वैश्विक मानकों का हवाला दिया। उन्होंने कहा भारत में फिलहाल विदेशों की तुलना में काफी कम मात्रा में एथनॉल मिलाया जा रहा है। सरकार इस व्यवस्था और इससे जुड़ी शिकायतों पर नजर बनाए हुए है। 10 और 15 साल पुराने वाहन बाहर किए जाने के विषय पर भाटिया ने कहा कि ऐसी गाड़ियों की मेंटेनेंस होनी चाहिए। इनसे प्रदूषण बढ़ता है इसलिए ईवी गाड़ियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। हरियाणा में भी ईवी गाड़ियों पर टैक्स को लेकर वे सदन में अपनी बात रखेंगे।

बलराम डांगी के दफ्तर पर हुई फायरिंग पर भी दी प्रतिक्रिया

रोहतक में बलराम डांगी के कार्यालय पर हुई फायरिंग की घटना पर बोलते हुए सांसद ने कानून-व्यवस्था पर सरकार का भरोसा जताया। उन्होंने कहा भाजपा सरकार ऐसे आपराधिक मामलों से पूरी सख्ती के साथ निपटती है। प्रदेश में कानून हाथ में लेने वाले तत्वों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस्तीफे की मांग

एक कथित वीडियो मामले में घिरे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर संजय भाटिया ने बेहद तीखा हमला बोला। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को बेहद 'नीच' और शर्मनाक करार दिया। भाटिया ने कहा कि अगर भगवंत मान को खुद शर्म नहीं आ रही है, तो आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को तुरंत संज्ञान लेकर उनका इस्तीफा मांगना चाहिए। 

Join The Conversation Opens in a new tab
×