अंबाला में हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अपने आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे हजारों बिजली कर्मचारियों के बीच खुद पहुंचकर उनका ज्ञापन लिया और मंच से नारा दिया- "हर जोर-जुल्म की टक्कर में... अनिल विज तुम्हारा है!" जानकारी मुताबिक 2 जुलाई की देर शाम मंत्री अनिल विज के शास्त्री कॉलोनी आवास पर HSEB वर्कर्स यूनियन (हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्स यूनियन) के 5,000 से अधिक बिजली कर्मचारी अपनी मुख्य मांगों रिस्क अलाउंस (जोखिम भत्ता), कैशलेस मेडिकल कार्ड, और ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी में पारदर्शिता को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।
हाईवे जाम कर गूंज रहे थे 'मुर्दाबाद' के नारे
हरियाणा भर से जुटे हजारों बिजली कर्मचारियों ने अंबाला कैंट के इंदिरा पार्क से अनिल विज के आवास तक करीब एक किलोमीटर लंबा मार्च निकाला, जिससे अंबाला-साहा और अंबाला-दिल्ली हाईवे पूरी तरह जाम हो गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मुख्य गेट के बाहर ही रोक दिया था। कर्मचारी लंबे समय से लंबित अपनी 14 सूत्रीय मांगों को लेकर अड़े थे और सरकार व मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे।
गाड़ी से उतरकर सीधे 'प्रदर्शनकारियों' की भीड़ में घुसे विज
शाम को जब ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज चंडीगढ़ से अपने सरकारी काफिले के साथ वापस लौट रहे थे, तो उनका सामना प्रदर्शनकारी कर्मचारियों से हुआ। सुरक्षा की परवाह किए बिना, विज तुरंत अपनी गाड़ी से उतरे और पैदल ही प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंच गए। मंत्री को अचानक अपने बीच पाकर कर्मचारी हैरान रह गए और आंदोलन का पूरा माहौल ही बदल गया।
"मजा आ रहा है, और लगाओ नारे"- विज का बेबाक अंदाज
विज ने मंच पर पहुंचकर कर्मचारियों से कहा, "जब मैं यहां आया, तो आप लोग मेरे खिलाफ 'मुर्दाबाद' के नारे लगा रहे थे। मुझे मजा आ रहा है, इसे और तेज लगाओ।" इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों के पारंपरिक नारे को बदलते हुए खुद माइक संभाला और कहा 'तुम लोग नारा लगा रहे हो कि 'हर जोर-जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है'। अब इसमें एक लाइन और जोड़ लो- 'हर जोर-जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है, और अनिल विज तुम्हारा है!' यह सुनते ही प्रदर्शन कर रहे हजारों कर्मचारियों का गुस्सा शांत हो गया और पूरा मैदान तालियों और अनिल विज के समर्थन के नारों से गूंज उठा।
बातचीत का आश्वासन और फाइलों पर तुरंत एक्शन
कर्मचारियों के बीच खुद ज्ञापन लेने के बाद, अनिल विज ने मंच से स्पष्ट घोषणाएं की। विज ने आश्वासन दिया कि आने वाले दिनों में यूनियन पदाधिकारियों और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें सभी मांगों का निपटारा होगा। हालांकि, उन्होंने बताया कि उनके भाई का चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज चल रहा है, इसलिए इस पारिवारिक वजह से बैठक में कुछ दिनों की देरी हो सकती है।
रिस्क अलाउंस पर तुरंत निर्देश
कर्मचारियों के भत्ते रिस्क अलाउंस की मांग पर बोलते हुए विज ने खुलासा किया कि उन्होंने पहले ही अपने दफ्तर के अधिकारियों को इस संबंध में फाइल तैयार करने के निर्देश दे दिए हैं और इस पर तेजी से कार्रवाई होगी।मंत्री के इस बेहद अनूठे, संवेनदशील और बेबाक रवैये के बाद कर्मचारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया और वहां का तनावपूर्ण माहौल बेहद खुशनुमा हो गया।
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?