17 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के जींद जिले से देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह भारतीय रेलवे के इतिहास और ग्रीन ट्रांसपोर्ट मिशन की दिशा में एक क्रांतिकारी और ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होने जा रहा है। प्रधानमंत्री के इस भव्य कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और सरकार स्तर पर युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
विपक्ष पर कड़ा प्रहार
हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम और विशाल जनसभा के लिए संभावित आयोजन स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा देश की पहली अत्याधुनिक हाइड्रोजन ट्रेन का जींद से चलना यह साबित करता है कि मौजूदा सरकार के लिए जींद का विकास सर्वोपरि है। इस बड़ी सौगात के बाद अब विपक्ष के पास राजनीति करने या सरकार की आलोचना करने का कोई मुद्दा नहीं बचेगा। जींद के माथे से हमेशा के लिए 'बैकवर्ड' (पिछड़ेपन) का ठप्पा हट जाएगा।
अधिकारियों को निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पीएम मोदी के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक रूट और जनता के बैठने के इंतजामों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जींद से शुरू हो रही यह ट्रेन भारत को विश्व के उन चुनिंदा देशों जैसे जर्मनी, फ्रांस, चीन की कतार में खड़ा कर देगी जिनके पास हाइड्रोजन तकनीक है। यह हाइड्रोजन ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच चलाई जाएगी, जिसकी कुल दूरी लगभग 90 किलोमीटर है।
किफायती होगा सफर
इस अत्याधुनिक सफर के लिए यात्रियों को बेहद मामूली किराया देना होगा। जींद से सोनीपत का किराया मात्र 25 रुपये तय किया गया है। इस ट्रेन के इंजन में डीजल या बिजली की जगह हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इससे कोई धुआं या प्रदूषण नहीं फैलेगा, बल्कि साइलेंसर से सिर्फ जल वाष्प और गर्मी निकलेगी। इस ट्रेन का दिल्ली-जींद और जींद-सोनीपत रूट पर 120 किमी/घंटा की रफ्तार से हाई-स्पीड ट्रायल पहले ही सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। ट्रेन के सुचारू संचालन के लिए जींद में ही एक विशेष हाइड्रोजन फ्यूलिंग प्लांट भी स्थापित किया गया है।
जींद को मिलेंगी कई और बड़ी सौगातें
17 जुलाई को अपने इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल हाइड्रोजन ट्रेन को ही हरी झंडी नहीं दिखाएंगे, बल्कि जींद के कायाकल्प के लिए कई अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स का भी लोकार्पण करेंगे। पुनर्विकसित और आधुनिक बनाए गए जींद व नरवाना रेलवे जंक्शन का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। जींद में बनकर तैयार हुए नए मेडिकल कॉलेज को प्रधानमंत्री जनता को समर्पित करेंगे। इन उद्घाटनों के बाद पीएम मोदी जींद के हुड्डा ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसके लिए प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं और आम जनता को आमंत्रित किया जा रहा है।
तैयारियों की समीक्षा में जुटी सरकार
इस कार्यक्रम को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए स्वयं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता जींद का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था और समारोह की रूपरेखा की लगातार समीक्षा बैठकें कर रहे हैं। 17 जुलाई का दिन हरियाणा और विशेष रूप से जींद के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?