loader
The Haryana Story | नेताओं की मुस्कुराहट : हरियाणा कांग्रेस में दूर हुए गिले-शिकवे !! सैलजा बोलीं- 'कमज़ोर हो रहा कुनबा, दूर हो रहे कार्यकर्ता', सभी को 'साथ' लेकर चलना ज़रूरी

नेताओं की मुस्कुराहट : हरियाणा कांग्रेस में दूर हुए गिले-शिकवे !! सैलजा बोलीं- 'कमज़ोर हो रहा कुनबा, दूर हो रहे कार्यकर्ता', सभी को 'साथ' लेकर चलना ज़रूरी

मीडिया के गुटबाजी वाले सवालों के बीच संगठन को एकजुट करने की नसीहत, सैलजा बोलीं- नए जुड़ नहीं रहे, पुराने दूर जा रहे

चंडीगढ़ में आयोजित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जनरल बॉडी बैठक में सिरसा की सांसद कुमारी शैलजा का यह बयान आंतरिक गुटबाजी और कार्यकर्ताओं की नाराजगी को साफ तौर पर उजागर करता है। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के नवनियुक्त हरियाणा प्रभारी संजय दत्त कर रहे थे, जिनकी मौजूदगी में पार्टी के भीतर की खींचतान एक बार फिर सतह पर आ गई, वहीं सैलजा ने इस इस खींचतान को दरकिनार कर एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने की अपील की, हालांकि बैठक के दौरान नेताओं की मुस्कुराहट बहुत कुछ बयां करती नजर आ रही है।

सबको साथ लेकर चलने की चुनौती नए प्रभारी के लिए कितनी बड़ी ?

उल्लेखनीय है कि हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी संजय दत्त की मौजूदगी में बुधवार को पार्टी की आंतरिक कलह खुलकर सामने आ गई। चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित जनरल बॉडी की बैठक में सिरसा की सांसद और राष्ट्रीय महासचिव कुमारी शैलजा ने गुटबाजी पर तीखे सवाल उठाए। शैलजा ने दोटूक शब्दों में कहा कि प्रदेश में पार्टी की आंतरिक गुटबाजी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं और जितने नए कार्यकर्ता कांग्रेस से जुड़ नहीं रहे, उससे कहीं अधिक विभिन्न कारणों से पार्टी से दूर होते जा रहे हैं। कुमारी शैलजा का यह बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि वह हरियाणा में हुड्डा गुट के वर्चस्व और टिकट वितरण को लेकर पहले भी सार्वजनिक रूप से चिंताएं जाहिर कर चुकी हैं। प्रभारी के सामने इस तरह खुलकर बोलना यह दिखाता है कि राज्य इकाई में सांगठनिक बदलाव और सबको साथ लेकर चलने की चुनौती नए प्रभारी के लिए कितनी बड़ी है।

प्रभारी से उम्मीद करती हूं कि सभी को साथ लेकर चलें

सैलजा ने कहा मीडिया भी लगातार कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी को लेकर प्रश्न उठा रही है। ऐसे में आवश्यकता है कि संगठन को मजबूत करने के लिए सभी को साथ लेकर आगे बढ़ा जाए। पार्टी संगठन में एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना आवश्यक है। कुमारी सैलजा ने कहा कि बहुत दिन से हम सत्ता में नहीं हैं। यह कड़वी सच्चाई है। वर्कर नाराज चल रहे हैं। जनता व वर्करों की मेहरबाजी से हम यहां पर पहुंचे हैं। भाजपा ने देश को बांट रखा है। उनकी नीतियों से हर कोई परेशान है। राहुल गांधी को भी लोकसभा में बोलने तक नहीं दिया जाता। कांग्रेस पार्टी को गहराई से समझने की जरूरत है। सैलजा ने कहा कि पार्टी प्रभारी से उम्मीद करती हूं कि सभी को साथ लेकर चलें। कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करे। सभी का यही प्रयास होना चाहिए कि कांग्रेस को मजबूत करें।

हम सभी का एकमात्र लक्ष्य कांग्रेस को मजबूत करना

कुमारी सैलजा ने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता और नेता की जिम्मेदारी है। हम सभी का एकमात्र लक्ष्य कांग्रेस को मजबूत करना और जनता का विश्वास जीतना होना चाहिए। कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में एक समय ऐसा माहौल बन गया था कि कांग्रेस की सरकार बनती हुई दिखाई दे रही थी, लेकिन किन कारणों से पार्टी सत्ता तक नहीं पहुंच सकी, इसका गंभीरता से आत्ममंथन करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मतभेद किसी भी लोकतांत्रिक दल में हो सकते हैं, लेकिन यदि कार्यकर्ता किसी नेता से मिलने में भी संकोच या भय महसूस करें तो यह संगठन के लिए चिंताजनक स्थिति है और इस पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। कुमारी सैलजा ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश प्रभारी संजय दत्त सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करेंगे तथा कांग्रेस एकजुट होकर आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करेगी।

Join The Conversation Opens in a new tab
×