चंडीगढ़ में नवनियुक्त अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त की अध्यक्षता में आयोजित जनरल बॉडी बैठक के बाद राज्य की राजनीति में बड़ी हलचल शुरू हो गई है। 8 से 12 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस 5 दिवसीय मैराथन दौरे का मुख्य उद्देश्य गुटबाजी को खत्म कर संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करना है। हरियाणा कांग्रेस में लंबे समय से चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच नवनियुक्त प्रभारी संजय दत्त की पहली ही बैठक ने एक बड़ा संदेश देने की कोशिश की है। बैठक के बाद यह स्पष्ट कर दिया गया है कि पूरा 'कांग्रेस परिवार' अब एक साथ है और आगामी विधानसभा व अन्य चुनावी फैसले सर्वसम्मति से ही लिए जाएंगे।
सड़क पर महासंग्राम: प्रभारी संजय दत्त ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अब कांग्रेस का संघर्ष सीधे सड़कों पर दिखाई देगा।
केंद्रीय नेतृत्व का संदेश: मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और के.सी. वेणुगोपाल के "बूथ जीतो, चुनाव जीतो" के फॉर्मूले को हर हाल में जमीनी स्तर तक लागू किया जाएगा।
मैराथन जिलों का दौरा: प्रभारी आगामी दिनों में हरियाणा के सभी जिलों का व्यापक दौरा करेंगे। वह अगले 4 दिनों में प्रदेश के नेताओं, कार्यकर्ताओं और विधायकों से एक-एक कर मिलकर उनके 'सेंटिमेंट्स' (भावनाओं) को समझेंगे।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर जोर: बैठक में फर्जी वोटों को काटने और मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने के लिए चल रहे SIR अभियान की गहन समीक्षा की गई।
हुड्डा और सुरजेवाला के बीच हुई हल्की नोकझोंक और कुमारी शैलजा के कड़े रुख
बैठक के दौरान मंच पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा और रणदीप सुरजेवाला के बीच हुई हल्की नोकझोंक और कुमारी शैलजा के कड़े रुख ने इस बैठक को और अधिक चर्चा में ला दिया है। नेताओं ने ऑन-रिकॉर्ड और ऑफ-रिकॉर्ड बड़े बयान दिए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा : नए प्रभारी संजय दत्त जी का यह पहला संगठनात्मक दौरा है। वे दिल्ली में भी वरिष्ठ नेताओं से मिल चुके हैं और आज चंडीगढ़ में सभी विधायक, सांसद और पदाधिकारी एकजुट बैठे हैं। कांग्रेस में कोई मतभेद नहीं है, हम मिलकर भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे। मैंने तो मंच से भी रणदीप भाई से कहा है-'रणदीप सिंह सुरजेवाला मेरा साथ देदे फेर देख धमाका'।"
सांसद कुमारी शैलजा : "हरियाणा में पिछली बार सत्ता में न आ पाना हमारे संगठन के लिए एक बड़ा प्रश्नचिह्न है। जब तक जमीन पर हमारे कार्यकर्ता अलग-अलग खेमों में बंटे रहेंगे, तब तक दिक्कतें रहेंगी। हर बार नया प्रभारी आने पर हम साथ चलने का वादा तो करते हैं, लेकिन अब इस वादे को सिर्फ बातों में नहीं बल्कि जमीन पर 'एक्शन' में तब्दील करना होगा।"
राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला : "कांग्रेस पार्टी की विचारधारा ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। जहां तक हुड्डा साहब की साथ देने वाली बात है, तो मैं हुड्डा साहब को याद दिलाना चाहता हूँ कि 'मुझे 20 साल हो गए आपका साथ देते हुए, अब आपकी बारी आ गई है मेरा साथ देने की'। हम सब मिलकर राहुल गांधी जी और खड़गे जी के संदेश को हर बूथ तक लेकर जाएंगे।"
सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा : "हरियाणा की जनता इस समय बदलाव चाहती है। प्रभारी जी का यह 5 दिवसीय दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकने का काम करेगा। युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और हमारे सभी फ्रंटल संगठन अब सड़कों पर उतरकर सरकार की विफलताओं को उजागर करेंगे।"
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह : "यह संजय दत्त जी का पहला और बेहद महत्वपूर्ण हरियाणा दौरा है। वे 8 से 12 जुलाई तक राज्य के सभी जनप्रतिनिधियों और असफल रहे उम्मीदवारों के साथ भी वन-टू-वन फीडबैक बैठकें कर रहे हैं। 11 जुलाई को मुख्यालय में एक 'ओपन हाउस' कार्यक्रम भी होगा, जहाँ आम कार्यकर्ता सीधे प्रभारी जी के सामने अपनी बात रख सकेगा।"
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?