loader
The Haryana Story | दुष्यंत चौटाला ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक, SIR प्रक्रिया के निर्देश, पीएम मोदी के दौरे, चंदा चोरी से लेकर जल समझौते तक हर मुद्दे पर बोले दुष्यंत

दुष्यंत चौटाला ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक, SIR प्रक्रिया के निर्देश, पीएम मोदी के दौरे, चंदा चोरी से लेकर जल समझौते तक हर मुद्दे पर बोले दुष्यंत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित जींद दौरे सहित कई ज्वलंत मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी

हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला वीरवार को उचाना की ब्राह्मण धर्मशाला पहुंचे। वहाँ उन्होंने जननायक जनता पार्टी  के बीएलए-2  कार्यकर्ताओं की अहम बैठक ली। दुष्यंत चौटाला ने राज्य में चल रही एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।बैठक के बाद पत्रकारों से मुखातिब होते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री ने राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण, हरियाणा-राजस्थान जल समझौते, चनौत जल आंदोलन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित जींद दौरे सहित कई ज्वलंत मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी।

राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर केंद्रीय एजेंसी से जांच की मांग

अयोध्या राम मंदिर की दान पेटी से चंदा चोरी के मामले पर दुष्यंत चौटाला ने गहरी चिंता व्यक्त की।उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र में इस तरह की हेराफेरी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।निष्पक्षता और सच को सामने लाने के लिए इस पूरे प्रकरण की जांच किसी बड़ी केंद्रीय जांच एजेंसी से करवाई जानी चाहिए।

हरियाणा-राजस्थान पानी समझौता: 'एक इंच पानी भी बाहर नहीं जाएगा'

राजस्थान के साथ हुए पानी के समझौते पर दुष्यंत चौटाला ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि हरियाणा के हक का एक इंच भी पानी राजस्थान नहीं जाने दिया जाएगा।राज्य के किसानों के हितों की रक्षा करना उनकी पार्टी की पहली प्राथमिकता है और वे इस मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेंगे।

चनौत पेयजल आंदोलन पर सरकार को घेरा

चनौत गांव में पिछले कई दिनों से पीने के पानी की किल्लत को लेकर चल रहे आंदोलन का उन्होंने पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने मौजूदा प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को बुनियादी सुविधाएं जैसे पीने का साफ पानी न मिलना सरकार की नाकामी को दर्शाता है। इस समस्या का तुरंत समाधान होना चाहिए।

पीएम नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित जींद दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी जींद दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी।चौटाला ने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल को अपनी रैलियां और दौरे करने का अधिकार है, लेकिन जनता इस समय बदलाव का मन बना चुकी है और वह जमीनी हकीकत को बखूबी समझती है।

कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

इससे पहले बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की बैठक में दुष्यंत चौटाला ने आगामी चुनावी तैयारियों और संगठन की मजबूती पर बल दिया। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं को मुस्तैद रहने और हर बूथ स्तर पर वोटरों से सीधा संपर्क साधने के निर्देश दिए।

Join The Conversation Opens in a new tab
×