loader
The Haryana Story | ऐलनाबाद में भाजपा सरकार बरसे अभय चौटाला, बोले- सैनी एक 'थोपे' हुए मुख्यमंत्री, ऐलनाबाद हल्के के साथ हो रहा भेदभाव, हुड्डा पर भी साधा निशाना

ऐलनाबाद में भाजपा सरकार बरसे अभय चौटाला, बोले- सैनी एक 'थोपे' हुए मुख्यमंत्री, ऐलनाबाद हल्के के साथ हो रहा भेदभाव, हुड्डा पर भी साधा निशाना

अभय बोले - ऐलनाबाद की जनता मूलभूत सुविधाओं को तरसी, बिना पानी किसान कैसे करें फसलों की बिजाई?

ऐलनाबाद से पांच बार विधायक रह चुके इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा सरकार और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर एक साथ तीखा हमला बोला है। उन्होंने ऐलनाबाद हल्के के विकास में भेदभाव करने, मूलभूत सुविधाओं का संकट पैदा करने और किसानों की उपेक्षा करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और मौजूदा सीएम नायब सिंह सैनी को निशाने पर लेते हुए हुड्डा की बीजेपी के साथ मिलीभगत का दावा किया।

ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के साथ लगातार भेदभाव किया जा रहा

अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के साथ लगातार भेदभाव किया जा रहा है। पांच बार यहां का प्रतिनिधित्व कर चुके इनेलो नेता ने कहा कि आज क्षेत्र की जनता पीने के पानी और फसलों के लिए यूरिया-डीएपी खाद की भारी किल्लत से जूझ रही है। अभय चौटाला ने कहा आज लोगों के सामने सबसे बड़ी जो दिक्कत है वो खाद को लेकर के है, पानी को लेकर के है। न तो नहर में पानी है और न ही खाद है। बिना पानी के अब किसान अपनी फसल की बिजाई कैसे करे? पानी की इस गंभीर किल्लत के चलते किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित होंगी।

सैनी एक थोपे हुए मुख्यमंत्री

सरकार जानबूझकर ऐलनाबाद हल्के के साथ भेदभाव कर रही है। हम चुप नहीं बैठेंगे, हरियाणा विधानसभा के आगामी विशेष सत्र में इनेलो के विधायकों के जरिए जनता के इन हकों और बुनियादी मुद्दों को पूरी ताकत से बुलंद करवाया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए कहा कि सीएम नायब सिंह सैनी को हरियाणा की कोई चिंता नहीं है। वे एक थोपे हुए मुख्यमंत्री हैं, जिनके फैसले दिल्ली में बैठे मनोहर लाल खट्टर बदल देते हैं।

हुड्डा की मेहरबानी से ही प्रदेश में बनी बीजेपी सरकार

सरकार के साथ-साथ अभय सिंह चौटाला ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि हुड्डा पर्दे के पीछे से भारतीय जनता पार्टी की मदद कर रहे हैं और उन्हीं की वजह से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बन पाई। अभय चौटाला ने कहा अबकी बार लोग प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाकर देना चाहते थे, लेकिन हुड्डा साहब की मेहरबानी रही जिसके चलते प्रदेश में फिर से बीजेपी की सरकार बन गई। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की असली पोल अब पूरी तरह से जनता के सामने आ चुकी है। राज्यसभा चुनाव का खेल तो सबके सामने ही था, जहां 9 विधायकों के वोटों पर सवाल उठे। राज्यसभा में जो नौ वोट कैंसिल हुए और बीजेपी के पक्ष में डले, उससे साफ हो गया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा खुले रूप से भाजपा की मदद कर रहे हैं।

मेवात में होगा सम्मान समारोह

पार्टी की आगामी रणनीतियों की जानकारी देते हुए अभय चौटाला ने बताया कि जननायक चौधरी देवीलाल का ऐतिहासिक सम्मान समारोह इस बार 25 सितंबर की जगह 27 सितंबर को मेवात में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम जनता से इस रैली में भारी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×