loader
The Haryana Story | दीपेंद्र हुड्डा का भाजपा पर तंज : भाजपा केवल कांग्रेस के समय के कामों का 'फीता काटने में माहिर', झूठा क्रेडिट लेने की सियासत कर रही भाजपा

दीपेंद्र हुड्डा का भाजपा पर तंज : भाजपा केवल कांग्रेस के समय के कामों का 'फीता काटने में माहिर', झूठा क्रेडिट लेने की सियासत कर रही भाजपा

पीएम के दौरे पर तंज: 'कांग्रेस की पटरियों पर दौड़ रही हैं भाजपा की ट्रेनें'

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। झज्जर और चरखी दादरी के दौरों पर निकले सांसद ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद से लेकर हरियाणा के ठप पड़े विकास कार्यों पर सरकार की नीतियों को पूरी तरह विफल बताया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि देश राम के नाम पर राजनीति और चंदे की लूट को कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।

राम जन्मभूमि ट्रस्ट को तुरंत भंग करने की मांग

अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मामले पर सुप्रीम कोर्ट के नोटिस के बीच दीपेंद्र हुड्डा ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को तुरंत भंग करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा राम मंदिर के चंदे में हुई इस लूट ने गजनवी के इतिहास को भी पीछे छोड़ दिया है। गजनवी ने तो 27 साल में 17 बार हमला किया था, लेकिन यहाँ चंद दिनों में ही आस्था के चढ़ावे पर डाका डाल दिया गया। इस 'चंदा चोरी' के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इस सरकारी ट्रस्ट को भंग कर इसकी पूरी कमान शंकराचार्यों, धर्माचार्यों और पूजनीय साधु-संतों के हवाले की जानी चाहिए ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

हनुमान स्वरूप वाले वायरल वीडियो पर बीजेपी को घेरा

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे भगवान हनुमान के स्वरूप से जुड़े एक वीडियो का हवाला देते हुए सांसद हुड्डा ने भाजपा की कार्यशैली पर सवाल दागे। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए सनातन धर्म के प्रतीकों का अपमान बंद होना चाहिए। किसी भी आयोजन या प्रचार में धार्मिक मर्यादाओं का पूरी तरह ध्यान रखा जाना चाहिए, क्योंकि करोड़ों लोगों की आस्था इसके साथ जुड़ी हुई है।

पीएम के दौरे पर तंज: 'कांग्रेस की पटरियों पर दौड़ रही हैं भाजपा की ट्रेनें'

प्रधानमंत्री के आगामी हरियाणा दौरे और रेलवे परियोजनाओं के उद्घाटन को लेकर दीपेंद्र हुड्डा ने तीखा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल कांग्रेस के समय के कामों का फीता काटने में माहिर है। हुड्डा ने याद दिलाया कि रोहतक-झज्जर-रेवाड़ी, जींद-गोहाना-सोनीपत और रोहतक-महम-हांसी जैसी मुख्य रेल लाइनों की मंजूरी, भूमि अधिग्रहण और काम कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही पूरे हुए थे।

12 साल का शून्य विकास

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों के शासनकाल में भाजपा सरकार हरियाणा में एक इंच भी नई रेल लाइन नहीं बिछा पाई और न ही मेट्रो का कोई वास्तविक विस्तार किया गया। भाजपा सरकार केवल कांग्रेस की बिछाई हुई लाइनों पर अपनी ट्रेनें चलाकर झूठा क्रेडिट लेने की सियासत कर रही है।

सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो जांच

सांसद ने कहा कि चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफों की स्वीकृति खुद ब खुद यह साबित करती है कि भीतर बहुत बड़ा घोटाला हुआ है। यदि सरकार पाक-साफ है, तो वह सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एक निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराने से क्यों पीछे भाग रही है? उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी इस पूरे मसले पर अपनी चुप्पी तोड़ने की मांग की है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×