loader
The Haryana Story | अभय चौटाला का बड़ा ऐलान, 9 अगस्त से सभी 90 हलकों में करेंगे जनसंपर्क, जींद दौरे को बताया करोड़ों रुपये की फिजूलखर्ची और दिखावा

अभय चौटाला का बड़ा ऐलान, 9 अगस्त से सभी 90 हलकों में करेंगे जनसंपर्क, जींद दौरे को बताया करोड़ों रुपये की फिजूलखर्ची और दिखावा

अभय चौटाला ने तीखे सवाल दागे और जनहित से जुड़े कई अन्य अहम मुद्दों पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया

इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 9 अगस्त से हरियाणा के सभी 90 विधानसभा हलकों में जनसंपर्क अभियान शुरू करने का बड़ा ऐलान किया है। ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के अपने चार दिवसीय दौरे के दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने साफ किया कि यह व्यापक अभियान 27 सितंबर को नूंह में आयोजित होने वाली 'सम्मान दिवस रैली' की तैयारियों को लेकर आयोजित किया जाएगा, जो पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाई जा रही है।

हरियाणा की सियासत में हलचल

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा की सियासत में हलचल तेज कर दी है।  ऐलनाबाद दौरे के अंतिम दिन मीडिया कर्मियों से बात करते हुए उन्होंने सीधे तौर पर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर हरियाणा के साथ सौतेला व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने ऐलान किया कि वे आगामी 27 सितंबर को नूंह (मेवात) में होने वाली राज्यस्तरीय सम्मान दिवस रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए खुद 9 अगस्त से पूरे सूबे के 90 विधानसभा क्षेत्रों का सघन दौरा करेंगे और जनता के बीच जाएंगे।

करोड़ों रुपये की फिजूलखर्ची और दिखावा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 17 जुलाई को होने वाले जींद दौरे को लेकर अभय चौटाला ने तीखे सवाल दागे और जनहित से जुड़े कई अन्य अहम मुद्दों पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया। चौटाला ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद दौरे के नाम पर जनता की गाढ़ी कमाई के करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाए जा रहे हैं। हरियाणा को बुनियादी तौर पर कुछ बड़ा देने के बजाय सिर्फ ट्रेन को हरी झंडी दिखाने जैसे दिखावटी और सांकेतिक कार्यक्रम किए जा रहे हैं। उन्होंने सीधे तौर पर केंद्र की नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार बड़े कारखाने और उद्योग तो गुजरात में खोलती है, लेकिन जब बात हरियाणा जैसे राज्यों की आती है, तो यहाँ केवल भेदभाव की नीति अपनाई जाती है। हरियाणा के युवाओं के लिए कोई नए रोजगार के साधन या बड़े प्रोजेक्ट्स नहीं लाए जा रहे हैं।

जोहड़ -तालाबों के किनारे बसे गरीबों के आशियानों पर संकट

चौटाला ने सरकार के नए आदेशों की कड़े शब्दों में निंदा की, जिसके तहत गांवों के तालाबों के किनारे दशकों से रह रहे गरीब परिवारों को हटाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने मांग की कि आगामी मानसून सत्र में तुरंत अध्यादेश लाकर इन परिवारों को मालिकाना हक देकर राहत दी जाए।

बाढ़ नियंत्रण और सफाई व्यवस्था में बड़ी लापरवाही

मानसून की शुरुआत का हवाला देते हुए इनेलो नेता ने कहा कि सरकार ने समय रहते प्रदेश की नदियों, नालों और ड्रेनों (नहरों) की सफाई नहीं करवाई है। तटबंध बेहद कमजोर हैं, जिससे राज्य में भारी जलभराव और किसानों को बड़ा आर्थिक नुकसान होने का खतरा मंडरा रहा है। ऐलनाबाद हलके के गांवों के अपने जमीनी अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि आज ग्रामीण इलाकों के लोग पीने के साफ पानी की भारी किल्लत, टूटी सड़कें, बदहाल जल निकासी और पशुपालकों की समस्याओं से त्रस्त हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है।

तुगलकी फरमानों से जनता परेशान

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार ऐसे फैसले थोप रही है जिससे आम जनता और किसान परेशान हैं। पूर्व में गेहूं खरीद पर लगाई गई सख्त शर्तों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इनेलो के कड़े विरोध के बाद ही सरकार को अपने कदम पीछे खींचने पड़े थे। अभय सिंह चौटाला ने अंत में जोर देकर कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलते हुए इनेलो जनता के हकों की लड़ाई आखिरी सांस तक लड़ेगी। सरकार चाहे उनकी जितनी भी आलोचना कर ले, वे हर हलके में जाकर जन-जन को मजबूत करेंगे और इस तानाशाही सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेंगे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×