रोहतक में पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पेपर लीक से लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था और हाल ही में शुरू हुई हाइड्रोजन ट्रेन तक, हुड्डा ने सरकार की नीतियों की तीखी आलोचना की है।
पेपर लीक से देश के साढ़े सात करोड़ युवा प्रभावित, 26 ने की आत्महत्या
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रोहतक स्थित अपने आवास पर आयोजित एक विशेष पत्रकार वार्ता में केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने देश में लगातार हो रहे पेपर लीक को 'महामारी' करार देते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और हरियाणा की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई। भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आज देश में पेपर लीक एक खतरनाक महामारी बन चुका है, जिससे 7.5 करोड़ से अधिक छात्र और युवा प्रभावित हुए हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस इसके खिलाफ 'छात्रों की गूंज' अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि पिछले 12 साल में हरियाणा में 30 से अधिक (और देश भर में 152 से ज्यादा) जगहों पर पेपर लीक के मामले सामने आए हैं।
धर्मेंद्र प्रधान को जिम्मेदार ठहराते हुए इस्तीफे की मांग की
हुड्डा ने कहा कि नीट और अन्य परीक्षाओं में धांधली व मानसिक तनाव के कारण देश भर में 26 परीक्षार्थियों ने आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाया है। उन्होंने इसके लिए सीधे तौर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके तुरंत इस्तीफे की मांग की।
सोनम वांगचुक को जबरन उठाना तानाशाही का प्रतीक
लद्दाख के पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से जबरन उठाने के तरीके को हुड्डा ने बेहद गलत और निंदनीय बताया। हुड्डा ने कहा देश में हर नागरिक को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज उठाने का अधिकार है। सरकार का यह रवैया पूरी तरह तानाशाही और दमनकारी है।
हरियाणा में बिजली कट से लोग परेशान, 2014 के बाद नहीं लगा कोई नया प्लांट
प्रदेश में हो रहे अघोषित बिजली कट पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने 2014 के बाद से हरियाणा में एक भी नया पावर प्लांट नहीं लगाया और न ही अतिरिक्त बिजली पैदा करने की कोशिश की। आज पूरे प्रदेश की जनता इस भीषण गर्मी में बिजली कटों से बेहाल है।
राम मंदिर में चोरी नहीं, बल्कि 'डाका' पड़ा है; निष्पक्ष जांच हो
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी द्वारा राम मंदिर निर्माण व चंदे में कथित गड़बड़ियों को लेकर लिखे गए पत्र पर हुड्डा ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष तरीके से उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। राम मंदिर जैसी पवित्र जगह पर यह सिर्फ मामूली चोरी नहीं, बल्कि सीधा 'डाका' है, जिसकी सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए।
जींद हाइड्रोजन ट्रेन: पटरी कांग्रेस की, भाजपा केवल ट्रायल का ढिंढोरा पीट रही
क्रेडिट वॉर पर पलटवारजींद से प्रधानमंत्री द्वारा देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन पर कटाक्ष करते हुए हुड्डा ने कहा कि जिस रेलवे लाइन (जींद-गोहाना-सोनीपत) पर यह ट्रेन चलाई गई है, उसे कांग्रेस सरकार के समय बिछाया गया था। उन्होंने कहा कि सरकार हरियाणा की जनता का करोड़ों रुपया खर्च कर केवल इसका ट्रायल कर रही है, जबकि दुनिया के कई अन्य देशों में भी ऐसे ट्रायल पहले से हो रहे हैं। भाजपा दूसरों के कामों का फीता काटने में माहिर है।
हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य, सक्रिय हैं 80 से ज्यादा गैंग
अपराध के आंकड़ों पर बोलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि हरियाणा आज देश के सबसे असुरक्षित राज्यों की सूची में नंबर वन बन चुका है। प्रदेश में 'ऑर्गेनाइज्ड क्राइम' (संगठित अपराध) पैर पसार चुका है और वर्तमान में राज्य में करीब 80 आपराधिक गैंग सक्रिय हैं, जिससे व्यापारी, आम जनता और युवा खुद को पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?