loader
The Haryana Story | युवाओं के सम्मान में JJP मैदान में : दिल्ली छात्र लाठीचार्ज के विरोध में सिरसा में दिग्विजय चौटाला का अनिश्चितकालीन धरना शुरू, 'दिल्ली कूच' की चेतावनी

युवाओं के सम्मान में JJP मैदान में : दिल्ली छात्र लाठीचार्ज के विरोध में सिरसा में दिग्विजय चौटाला का अनिश्चितकालीन धरना शुरू, 'दिल्ली कूच' की चेतावनी

सिरसा के टाउन पार्क में स्थापित जननायक चौधरी देवीलाल की प्रतिमा के नीचे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे दिग्विजय

दिल्ली में नीट पेपर लीक मामले को लेकर संसद मार्च कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने हरियाणा में एक बड़ा आंदोलन शुरू कर दिया है। वे बुधवार शाम से सिरसा के टाउन पार्क में स्थापित जननायक चौधरी देवीलाल की प्रतिमा के नीचे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं।

इस बुलंद आवाज को दिल्ली के हुक्मरानों तक पहुंचाया जाए

सिरसा का प्रसिद्ध टाउन पार्क, जननायक चौधरी देवीलाल की प्रतिमा के पास बुधवार शाम को भारी संख्या में युवाओं और छात्र संगठन  के पदाधिकारियों के साथ दिग्विजय चौटाला धरने पर बैठे। दिग्विजय ने दिल्ली में नीट पेपर लीक और अन्य छात्र मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन (संसद मार्च) कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किये गए बर्बर लाठीचार्ज की भी निंदा की। दिग्विजय चौटाला ने धरने की शुरुआत करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और युवाओं से एकजुट होने की अपील की। दिग्विजय चौटाला ने हरियाणा के तमाम युवाओं से आह्वान किया कि अपने-अपने क्षेत्र को जंतर-मंतर बनाकर युवाओं की इस बुलंद आवाज को दिल्ली के हुक्मरानों तक पहुंचाया जाए।

राजनीति से ऊपर उठकर युवाओं की लड़ाई

उन्होंने साफ किया, मैं यहाँ किसी राजनीतिक दल के नेता के रूप में नहीं, बल्कि खुद एक युवा होने के नाते इस अन्याय के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठा हूँ। सरकार को ललकारते हुए दिग्विजय ने कहा, जब तक पीड़ित छात्रों और युवाओं को पूरा न्याय नहीं मिल जाता, तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे। अगर सरकार ने जल्द कदम नहीं उठाए, तो समय आने पर हम दोबारा दिल्ली कूच करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

सामाजिक संगठनों से एकजुट होने की अपील

उन्होंने हरियाणा के सभी सामाजिक और गैर-राजनीतिक संगठनों से अपील की कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सब एकजुट हों ताकि युवाओं के खिलाफ हुए इस अन्याय के विरोध में पूरे प्रदेश से एक स्वर में आवाज उठाई जा सके। दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर छात्रों में भारी रोष है। जेजेपी और उनके छात्र संगठन इनसो ने राज्य के विभिन्न जिलों में जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपे हैं।

विपक्ष का भी मिला साथ

जेजेपी के अलावा इंडियन नेशनल लोकदल के वरिष्ठ नेताओं ने भी इस लाठीचार्ज को 'लोकतंत्र की हत्या' करार देते हुए केंद्र व भाजपा सरकार के क्रूर चेहरे को बेनकाब करने की बात कही है।यह अनिश्चितकालीन धरना आने वाले दिनों में हरियाणा और दिल्ली की राजनीति में युवाओं के मुद्दों को लेकर एक बड़ा मोड़ ले सकता है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×