लोकसभा में लोक परीक्षा संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विपक्ष, विशेषकर राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के शासनकाल में सैकड़ों पेपर लीक हुए, और आज वही लोग छात्रों के हक के लिए आंदोलन करने का ढोंग कर रहे हैं। इस बयान से संसद के मॉनसून सत्र में गरमागरम बहस छिड़ गई है।
कहावत के जरिए विपक्ष पर तंज कसा
लोकसभा में एंटी-पेपर लीक संशोधन बिल पर बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने एक कहावत के जरिए विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा इनकी हालत तो यह है कि बिल्ली सौ चूहे खाकर हज को चली। सौ-सौ पेपर लीक कराकर राहुल गांधी और अखिलेश यादव आज आंदोलन करने चले हैं। उन्होंने विपक्ष पर छात्रों के भविष्य और उनके आंदोलन पर केवल 'राजनीतिक रोटियां' सेकने का आरोप लगाया।
इतिहास का हवाला: 'जब आपकी सरकार थी, तब क्या हुआ?'
अनुराग ठाकुर ने सदन में कांग्रेस और सपा के पुराने शासनकालों का कच्चा चिट्ठा खोला। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में पिछली कांग्रेस सरकार के 5 साल के कार्यकाल में 19 में से 17 परीक्षाओं के पेपर लीक हुए थे। समाजवादी पार्टी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि 2012 में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की कॉपियां तक जला दी गई थीं। उन्होंने अखिलेश यादव का पुराना बयान याद दिलाते हुए कहा कि सपा सरकार में 'थोड़ी-थोड़ी नकल' को बढ़ावा दिया जाता था। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस के राज में सीबीएसई, एआईपीएमटी, एम्स, रेलवे और एसएससी की परीक्षाओं में भी बड़े पैमाने पर पेपर लीक की घटनाएं हुई थीं।
'आतंकवाद और नक्सलवाद से भी बड़ा मर्ज है पेपर लीक, मोदी सरकार करेगी खात्मा'
अनुराग ठाकुर ने पेपर लीक की समस्या को देश की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा बताया। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में धांधली और प्रश्नपत्र लीक होना आतंकवाद और माओवाद से भी बड़ी समस्या है। युवाओं को भरोसा देते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि जिस तरह मोदी सरकार ने आतंकवाद और नक्सलवाद को देश से जड़ से खत्म किया है, उसी तरह इस नए सख्त कानून के जरिए पेपर लीक माफियाओं को भी 'मिट्टी में मिला दिया जाएगा'।
क्या है नया 'पब्लिक एग्जामिनेशन संशोधन बिल, 2026'?
केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए यह नया कानून लेकर आई है, जिसके कड़े प्रावधान इस प्रकार हैं -पेपर लीक के दोषियों को 10 साल तक की जेल और 10 करोड़ रुपये तक का भारी जुर्माना हो सकता है। परीक्षा कराने वाली कोई भी सर्विस प्रोवाइडर कंपनी दोषी पाई गई, तो उसे 8 साल के लिए ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। धांधली में शामिल कोचिंग सेंटर्स की संपत्तियां तक जब्त करने का प्रस्ताव है। मामलों के त्वरित निपटारे और छात्रों को जल्द न्याय दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया गया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता में 6 सदस्यीय कमेटी बनाई है, जो परीक्षा प्रणाली में तकनीक और पारदर्शिता बढ़ाने के सुझाव देगी।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर निजी कटाक्ष
सदन में अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के उस प्रदर्शन पर भी चुटकी ली, जब वे अकेले प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की तड़प समझी जा सकती है, उन्हें पीएम आवास के अंदर जाने का मौका नहीं मिल रहा, इसलिए बाहर लेट जाते हैं। वहीं प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह भोली सूरत बनाकर देश को गुमराह करती हैं और आईआईटी मद्रास के सम्मानित वैज्ञानिक प्रोफेसर वी. कामकोटी का अपमान करती हैं।
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?