सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने पूर्व सांसद बिजेंद्र सिंह और सिरसा जिला अध्यक्ष संतोष बेनीवाल के खिलाफ खुला मोर्चा खोलते हुए हरियाणा कांग्रेस की भीतरी गुटबाजी को एक बार फिर चौराहे पर लाकर खड़ा कर दिया है। सेतिया ने सीधे शब्दों में चुनौती देते हुए कहा बिजेंद्र सिंह सिरसा विधानसभा में कार्यक्रम करके दिखाएं। अगर वे ऐसा करते हैं, तो मैं भी उनके गढ़ उचाना हल्के में जाकर कार्यक्रम करने को तैयार हूँ और उचाना में बिजेंद्र सिंह से 100 गुना बड़ा कार्यक्रम करके दिखाऊंगा।
मेरे हल्के में दखलंदाजी बर्दाश्त नहीं होगी
विधायक गोकुल सेतिया ने स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी है कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र में किसी भी बाहरी नेता का हस्तक्षेप स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक विरोधियों द्वारा बिजेंद्र सिंह को सिरसा के कार्यक्रम में निमंत्रण देना बिल्कुल भी अच्छी बात नहीं है. सेतिया ने साफ किया, मेरे हल्के में कोई भी दखलंदाजी करेगा तो उसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष संतोष बेनीवाल पर बड़ा निशाना, पद से हटाने की मांग
पार्टी को कमजोर करने वालों का मान-सम्मान नहीं"बिजेंद्र सिंह के साथ-साथ गोकुल सेतिया के निशाने पर इस बार सिरसा कांग्रेस की जिला अध्यक्ष संतोष बेनीवाल भी आ गई हैं। सेतिया ने कहा कि जब संतोष बेनीवाल सिरसा जिला की प्रधान बनी थीं, तब उन्होंने उनका पूरा मान-सम्मान किया था, लेकिन अब वे जिला अध्यक्ष को पद से हटाने की बात भी आलाकमान के सामने रख रहे हैं।
गुटबाजी आई सामने: हुड्डा बनाम सैलजा गुट की जंग
राजनीतिक गलियारों के अनुसार, संतोष बेनीवाल को कुमारी सैलजा गुट का करीबी माना जाता है, जबकि विधायक गोकुल सेतिया भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट के करीबी हैं। सेतिया ने कड़े शब्दों में कहा कि यदि कोई भी संगठन या नेता कांग्रेस पार्टी को कमजोर करने का प्रयास करेगा, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी यह साफ कर दिया कि विचारधारा अलग होने के कारण वे अब जिला अध्यक्ष के साथ काम नहीं कर सकते।
9 अगस्त के कार्यक्रम को लेकर मचा है घमासान
यह पूरा विवाद 9 अगस्त को सिरसा में पूर्व सांसद बिजेंद्र सिंह के होने वाले संभावित कार्यक्रम और उनकी राजनीतिक यात्राओं को लेकर भड़का है। विधायक गुट का मानना है कि स्थानीय स्तर पर चुने हुए विधायकों को दरकिनार कर उनके विरोधियों को सह देना सीधे तौर पर गुटबाजी को बढ़ावा देना है। दूसरी तरफ, संतोष बेनीवाल ने इन आरोपों पर सफाई देते हुए कहा है कि कांग्रेस एक बड़ा परिवार है और कार्यक्रमों का मकसद केवल संगठन को मजबूत करना है।
बीजेपी सरकार पर भी जमकर हमला बोला
अपनी पार्टी के भीतर चल रही राजनीतिक खींचतान पर बोलने के बाद गोकुल सेतिया ने राज्य की बीजेपी सरकार पर भी जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सिरसा के विकास को लेकर उन्होंने कई बार खुद मुख्यमंत्री और विभिन्न मंत्रियों से मुलाकात की। उन्होंने शहर और जिले से जुड़े विकास कार्यों की सूची सरकार के सामने रखी और बार-बार सिरसा के लिए आवश्यक परियोजनाओं की मांग की। सेतिया ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने कई मामलों में आश्वासन जरूर दिया, लेकिन उन आश्वासनों पर ज़मीनी स्तर पर कोई काम दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि यदि सरकार समय पर विकास कार्य पूरे करती, तो आज सिरसा को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष नहीं करना पड़ता।
जिले के कई हिस्से बुनियादी सुविधाओं से जूझ रहे
विधायक ने कहा कि सिरसा के लोगों ने बेहतर सड़कें, आधुनिक सीवरेज व्यवस्था, साफ़ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएँ और रोजगार के अवसरों की उम्मीद की थी, लेकिन आज भी जिले के कई हिस्से बुनियादी सुविधाओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास योजनाओं की गति बेहद धीमी है और सरकार के दावों तथा ज़मीनी हकीकत में बड़ा अंतर दिखाई देता है। सेतिया ने कहा कि सिरसा के हालात लगातार बद से बदतर होते जा रहे हैं और सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि धरातल पर काम देखना चाहती है।
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?