हरियाणा भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के हालिया बयानों ने सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल मचा दी है। उनके तीन मुख्य बयानों 'पानी से ट्रेन चलाने', 'इलेक्ट्रिक अंतिम संस्कार करने' और अब जंतर-मंतर पर 'आतंकवादी' दिखने के दावों पर राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। हरियाणा भारतीय जनता पार्टी की कमान संभालते ही डॉ. अर्चना गुप्ता अपने बयानों को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। हाल ही में हिसार के हांसी में सांगठनिक बैठक के दौरान दिए गए उनके बयानों पर विपक्ष ने उन्हें आड़े हाथों लिया है।
जंतर-मंतर प्रदर्शन में 'आतंकवादी' शामिल होने का दावा
डॉ. अर्चना गुप्ता ने हांसी में मीडिया से बातचीत करते हुए दावा किया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों द्वारा किए गए आंदोलन में अराजकता फैली थी और वहां 'आतंकवादी' भी दिखाई दिए थे। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि इस आंदोलन के दौरान एक महिला पुलिस कॉन्स्टेबल की भी मौत हो गई थी। जबकि जंतर-मंतर पर विभिन्न छात्र संगठनों और विपक्षी दलों द्वारा कानून-व्यवस्था के दायरे में प्रदर्शन किए गए थे। किसी भी सुरक्षा एजेंसी या दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन में आतंकियों की मौजूदगी या किसी महिला कॉन्स्टेबल की मौत की पुष्टि नहीं की है, जिसके चलते इस बयान पर भारी विवाद खड़ा हो गया है।
'पानी तै ट्रेन चलेगी'
जींद से सोनीपत के बीच चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को लेकर डॉ. अर्चना गुप्ता ने एक जनसभा में ठेठ हरियाणवी अंदाज में कहा था, "न धुआं निकलेगा और न ही बिजली की तारों की जरूरत होगी। न पेट्रोल, न डीजल और न बिजली... पानी तै ट्रेन चलेगी।" उनके इस बयान का सोशल मीडिया पर काफी मज़ाक उड़ाया गया। जबकि तकनीकी रूप से ट्रेन सीधे पानी से नहीं, बल्कि हाइड्रोजन गैस से चलती है। हालांकि, जींद में बने हाइड्रोजन प्लांट में पानी (H₂O) को ऑक्सीजन और हाइड्रोजन में तोड़ने (इलेक्ट्रोलिसिस) की प्रक्रिया जरूर होती है। डॉ. गुप्ता ने जनता को समझाने के लिए बेहद सरल शब्दों में 'पानी से ट्रेन' चलने की बात कह दी थी, जिसे विपक्ष ने अधूरा ज्ञान बताया।
'इलेक्ट्रिक अंतिम संस्कार' की अपील
पर्यावरण संरक्षण का हवाला देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने लोगों से पारंपरिक लकड़ी की बजाय इलेक्ट्रिक क्रीमेटोरियम का उपयोग करने की बड़ी अपील की थी ताकि पेड़ों की कटाई को रोका जा सके। अर्चना का यह बयान एक सामाजिक और पर्यावरणीय सुझाव था। लेकिन सोशल मीडिया पर कुछ लोगों और पारंपरिक विचारधारा के समर्थकों ने इसे हिंदू रीति-रिवाजों और आस्था से जोड़कर देखना शुरू कर दिया, जिससे इस पर भी बहस छिड़ गई।
राजनीतिक मायने और पलटवार
डॉ. अर्चना गुप्ता जो पेशे से एक प्रसिद्ध रेडियोलॉजिस्ट हैं को भाजपा ने हाल ही में मोहन लाल बडौली की जगह प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह करीब 43 साल बाद हरियाणा भाजपा की कमान संभालने वाली दूसरी महिला नेता हैं। उनके 'आतंकवादी' वाले बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। विपक्ष का कहना है कि हक की लड़ाई लड़ रहे युवाओं और प्रदर्शनकारियों को 'आतंकवादी' कहना भाजपा की नकारात्मक मानसिकता को दर्शाता है। वहीं, भाजपा संगठन इसे विपक्ष द्वारा बयानों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने की कोशिश बता रहा है।
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?