loader
The Haryana Story | हरियाणा में अपराधियों के हौसले बुलंद! सैलजा ने कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा, अपराधियों के मन से क्यों खत्म हुआ कानून का डर?

हरियाणा में अपराधियों के हौसले बुलंद! सैलजा ने कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा, अपराधियों के मन से क्यों खत्म हुआ कानून का डर?

सैलजा बोलीं- दावों से नहीं, कार्रवाई से सुधरेगी स्थिति

सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य कुमारी सैलजा ने हरियाणा में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। हत्या, लूटपाट, फिरौती और गोलीबारी जैसी घटनाओं ने आम नागरिकों में असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। सरकार को राजनीतिक बयानबाजी और कानून-व्यवस्था बेहतर होने के दावों के बजाय धरातल पर अपराध रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

दिनदहाड़े गंभीर वारदातों को अंजाम देने से भी नहीं हिचक रहे

कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ चुके हैं कि वे दिनदहाड़े गंभीर वारदातों को अंजाम देने से भी नहीं हिचक रहे। फतेहाबाद और पानीपत में भी इस प्रकार की गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से लगातार आ रही ऐसी खबरें यह सवाल खड़ा करती हैं कि आखिर अपराधियों के मन से कानून और पुलिस का भय क्यों समाप्त होता जा रहा है।

आम परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक

सांसद ने कहा कि कुछ दिन पहले रोहतक में पुलिस थाने के सामने कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर बाइक सवार बदमाशों द्वारा कथित तौर पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना सामने आई थी। पुलिस थाने के सामने जनप्रतिनिधि के कार्यालय पर इस तरह की वारदात होना अपने आप में बेहद गंभीर है। जब जनप्रतिनिधि, कारोबारी और दुकानदार तक स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं तो आम परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है।

दावों के सहारे कानून-व्यवस्था को बेहतर नहीं बता सकते

कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा कभी विकास, खुशहाली, भाईचारे, मेहनतकश किसानों, जवानों और खिलाड़ियों के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन लगातार सामने आ रही आपराधिक वारदातें प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं। अपराधियों, बदमाशों और संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बढ़ते हैं और आम लोगों में भय पैदा होता है। सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेशवासियों के जान-माल की सुरक्षा सरकार की पहली संवैधानिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री और सरकार केवल आंकड़ों तथा दावों के सहारे कानून-व्यवस्था को बेहतर नहीं बता सकते। सरकार को जमीनी हकीकत स्वीकार करते हुए पुलिस व्यवस्था को मजबूत करना चाहिए और गंभीर अपराधों में शामिल अपराधियों एवं गिरोहों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाना चाहिए।

आखिर अपराधियों के हौसले क्यों बढ़ रहे हैं ?

कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार को विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे कानून-व्यवस्था के सवालों को राजनीतिक आलोचना मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि आखिर अपराधियों के हौसले क्यों बढ़ रहे हैं और नागरिकों को भयमुक्त वातावरण कब मिलेगा। सरकार जवाबदेही तय करे, अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे और हरियाणा में कानून का राज स्थापित करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए।

Join The Conversation Opens in a new tab
×