loader
The Haryana Story | 'रामदेव बोल रहे हैं तो कुछ गड़बड़ ज़रूर है...' बाबा रामदेव के बयान सीएम सुक्खू की प्रतिक्रिया, आंदोलन की चुनौती का समर्थन

'रामदेव बोल रहे हैं तो कुछ गड़बड़ ज़रूर है...' बाबा रामदेव के बयान सीएम सुक्खू की प्रतिक्रिया, आंदोलन की चुनौती का समर्थन

बाबा रामदेव को अब इंतजार नहीं करना चाहिए और तुरंत प्रभाव से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन का नेतृत्व संभाल लेना चाहिए

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने योग गुरु बाबा रामदेव के पेपर लीक और सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार वाले बयान पर बड़ा पलटवार किया है। मुख्यमंत्री ने शिमला में मीडिया से बात करते हुए कहा, अगर बाबा रामदेव ने ऐसी टिप्पणी की है, तो निश्चित रूप से इसके पीछे कोई गंभीर वजह होगी और कुछ न कुछ गड़बड़ (दाल में काला) जरूर है"। सीएम सुक्खू ने रामदेव को भ्रष्टाचार और घपलों के खिलाफ तुरंत एक नए जन आंदोलन का नेतृत्व करने की भी खुली चुनौती दे डाली है।

पेपर लीक और नकल माफियाओं के कारण छात्रों का भविष्य अधर में

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पतंजलि योगपीठ में योग गुरु बाबा रामदेव ने देश की शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली और सरकारी नौकरियों को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को खुली चेतावनी दी थी। रामदेव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था सरकारी नौकरियों के इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया में 90 से 99 प्रतिशत तक घपले और घोटाले हो रहे हैं। देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे पेपर लीक और नकल माफियाओं के कारण छात्रों का भविष्य अधर में है। अगर सरकार और प्रशासन ने इस व्यवस्था को जल्द नहीं सुधारा, तो देश में छात्र आंदोलन उग्र हो सकता है और उन्हें खुद दोबारा भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करना पड़ेगा।

''तुरंत आंदोलन शुरू करें बाबा'- CM सुक्खू का समर्थन

शिमला में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जब मीडिया ने हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से रामदेव के इस बयान पर राय मांगी, तो उन्होंने इसे सीधे तौर पर लपक लिया। सीएम सुक्खू ने कहा 'अगर बाबा रामदेव जैसा व्यक्ति देश की व्यवस्था में हो रहे घपलों और पेपर लीक पर सवाल उठा रहा है, तो साफ है कि अंदरूनी तौर पर कुछ बहुत बड़ी गड़बड़ चल रही है। बाबा रामदेव को अब इंतजार नहीं करना चाहिए और तुरंत प्रभाव से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन का नेतृत्व संभाल लेना चाहिए। हम उनके इस कदम का स्वागत करेंगे।"

रामदेव के बहाने CM सुक्खू का भाजपा सरकारों पर तीखा हमला, बोले -BJP राज में बिकते थे पर्चे

मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस बयान की आड़ लेकर भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए अपनी सरकार का बचाव किया और पूर्ववर्ती भाजपा सरकार को घेरा। सुक्खू ने आरोप लगाया कि हिमाचल में जब 2017 से 2022 के बीच भाजपा की सरकार थी, तब पुलिस भर्ती परीक्षा और हमीरपुर कर्मचारी चयन आयोग में खुलेआम पेपर बेचे जाते थे।

ऊपर से मिलते हैं निर्देश

सीएम ने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं तभी संभव होती हैं जब 'ऊपर से निर्देश' या सरकार की नीयत में खोट होती है। सुक्खू ने दावा किया कि उनके कार्यकाल के दौरान प्रदेश में एक भी पेपर लीक की घटना सामने नहीं आई है। उन्होंने मुख्यमंत्री बनते ही भ्रष्टाचार का अड्डा बने हमीरपुर चयन आयोग को भंग किया और पेपर लीक के आरोपियों को आज भी सलाखों के पीछे बंद रखा हुआ है।

विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर का बीच-बचाव

उसी कार्यक्रम में मौजूद हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने भी रामदेव के बयान पर प्रतिक्रिया दी। हालांकि, उन्होंने बीच का रास्ता अपनाते हुए कहा बाबा रामदेव ने भ्रष्टाचार खत्म करने की जो भावना व्यक्त की है, वह पूरी तरह सही है और देश से भ्रष्टाचार मिटना चाहिए। लेकिन रामदेव ने जो '99% घोटाले' जैसे आंकड़े दिए हैं, उन्हें नहीं लगता कि पूरे देश में ऐसी स्थिति होगी। कुछ चुनिंदा राज्यों में ऐसी गड़बड़ी हो सकती है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×