कांग्रेस के संवाद कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को जींद में प्रदेश की राजनीति को लेकर पार्टी नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने दावा किया कि युवाओं में भाजपा सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है और प्रदेश में अब भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 में केंद्र में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी, जबकि हरियाणा में कांग्रेस 70 से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में वापसी करेगी।
जनता का रुख बदल रहा
जींद की जाट धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन ने युवाओं के बीच सरकार के प्रति बढ़ते असंतोष को सामने ला दिया है। उन्होंने बिहार और मध्य प्रदेश के विधानसभा उपचुनावों के नतीजों का हवाला देते हुए कहा कि जनता का रुख बदल रहा है और आने वाले समय में इसका असर चुनावी राजनीति पर भी दिखाई देगा।
युवा वर्ग भाजपा से नाराज
नरेंद्र सिंह ने कहा कि देश का युवा अब अपने अधिकारों और रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर पहले से अधिक जागरूक है। उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान छात्राओं के साथ पुलिस का व्यवहार सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उनके अनुसार, युवाओं में बढ़ता असंतोष भाजपा के लिए बड़ी चुनौती बनने वाला है।
महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर हमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, सरकारी कर्मचारी, छोटे व्यापारी और मध्यम वर्ग महंगाई तथा बेरोजगारी जैसी समस्याओं से परेशान हैं। राव नरेंद्र ने दावा किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर जनता से किए गए वादों को पूरा करने के साथ-साथ भाजपा शासन में सामने आए भ्रष्टाचार के मामलों की जांच भी करवाई जाएगी।
कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
हरियाणा की कानून-व्यवस्था को लेकर राव नरेंद्र सिंह ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने हांसी में स्वतंत्रता दिवस के दौरान हुए घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि न्याय और अपने अधिकारों की मांग करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस बल का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने हांसी मामले में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच तथा कार्रवाई की मांग भी उठाई।
उचाना बैठक में कार्यकर्ताओं के बीच विवाद
कांग्रेस के संवाद कार्यक्रम में उचाना विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के बीच किसी मुद्दे को लेकर विवाद हो गया। पहले कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई और देखते ही देखते स्थिति हाथापाई तक पहुंचने की नौबत बन गई। हालांकि बाद में मामला शांत करा दिया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं हरियाणा प्रभारी संजय दत्त ने जींद जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों- जींद, नरवाना, उचाना, सफीदों और जुलाना के नेताओं व कार्यकर्ताओं से संवाद किया। कार्यकर्ताओं ने संगठन से जुड़े मुद्दों और अपनी समस्याओं को प्रभारी के सामने रखा। संजय दत्त ने पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की बातों पर गंभीरता से काम करने का भरोसा दिलाया।
बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह, सांसद सतपाल ब्रह्मचारी समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में हुए विवाद को लेकर राव नरेंद्र सिंह ने इसे ज्यादा तूल नहीं दिया और कहा कि संवाद कार्यक्रम में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपनी बात रखने का अवसर दिया गया।
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?