loader
The Haryana Story | करनाल पहुंचे दुष्यंत चौटाला, सरकार पर बरसे: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से लेकर हिसार कोर्ट हत्याकांड तक उठाए सवाल!

करनाल पहुंचे दुष्यंत चौटाला, सरकार पर बरसे: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से लेकर हिसार कोर्ट हत्याकांड तक उठाए सवाल!

चौटाला ने प्रदेश के कई मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा

जननायक जनता पार्टी  के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला शुक्रवार को करनाल पहुंचे। यहां उन्होंने पिछले दिनों करनाल के पूर्व पार्षद एवं जेजेपी नेता अमनदीप सिंह चावला के निधन पर उनके परिवार से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया और परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान मीडिया से बातचीत में चौटाला ने प्रदेश के कई मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

राहुल गांधी के जंतर-मंतर पहुंचने पर बोले- चोट की जांच होनी चाहिए

राहुल गांधी के जंतर-मंतर पर जाने के दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जिस नौजवान को चोट लगी है, उसकी आंख में चोट आई है। आंख की चोट गंभीर होती है और यदि किसी की आंख चली जाए तो वह दोबारा वापस नहीं आती। उन्होंने कहा कि पुलिस को इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच करनी चाहिए। चौटाला ने कहा कि यदि उस युवक की भी कोई गलती है तो कानून के मुताबिक उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन कार्रवाई न करना उचित नहीं है। उनका कहना था कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। 

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर सरकार को घेरा

हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की जारी हड़ताल को लेकर दुष्यंत चौटाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हर कुछ दिनों बाद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आगे बढ़ रही है, लेकिन सरकार उनसे बातचीत करने को तैयार नहीं है। चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री हरियाणा को स्वच्छता का मॉडल बनाने की बात करते हैं, लेकिन इसके लिए सबसे पहले सफाई कर्मचारियों से बातचीत करनी होगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान बातचीत के जरिए किया जाना चाहिए और सरकार इस तरह आंखें बंद करके नहीं चल सकती।

हड़ताल के कारण कई शहरों में सफाई व्यवस्था प्रभावित

हरियाणा में सफाई, सीवर और फायर कर्मचारियों का आंदोलन अगस्त की शुरुआत से जारी है। कर्मचारियों का आरोप है कि 13 मई को सरकार के साथ हुए समझौते में जिन मांगों पर सहमति बनी थी, उन्हें लागू करने के लिए आवश्यक लिखित आदेश जारी नहीं किए गए। हाल के दिनों में हड़ताल के कारण कई शहरों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है और कूड़े के ढेर लगने की खबरें सामने आई हैं। करनाल समेत कई निकायों में कर्मचारियों ने प्रदर्शन और तालाबंदी भी की है।

हिसार कोर्ट हत्याकांड पर बोले- प्रदेश में कानून व्यवस्था के हालात चिंताजनक

हिसार कोर्ट परिसर के बाहर गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काना की हत्या को लेकर भी दुष्यंत चौटाला ने सरकार पर सवाल खड़े किए। 20 अगस्त को कोर्ट के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने विनोद काना पर करीब 14 राउंड फायरिंग की थी, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना ने कोर्ट परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। चौटाला ने कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है।

उन्होंने चरखी दादरी और हांसी में हुई घटनाओं का भी जिक्र करते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि पुलिस कार्रवाई में भी दोहरा रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में लोगों पर कार्रवाई और गिरफ्तारी हो जाती है, जबकि पुलिस अधिकारियों की भूमिका को लेकर उठे सवालों पर मुकदमा तक दर्ज नहीं किया जाता। उन्होंने सरकार से कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीरता से काम करने और ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

सफाई व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर बढ़ा दबाव

दुष्यंत चौटाला का यह हमला ऐसे समय में आया है जब प्रदेश में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण कई शहरों में कचरा उठान प्रभावित है। दूसरी ओर हिसार कोर्ट के बाहर हुई हत्या ने पुलिस और न्यायिक परिसरों की सुरक्षा को लेकर बहस तेज कर दी है। ऐसे में चौटाला ने दोनों मुद्दों को सरकार की कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से कर्मचारियों और विपक्ष की आवाज सुनने की मांग की।

Join The Conversation Opens in a new tab
×