loader
The Haryana Story | रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं: तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने चार भाई-बहनों को कुचला, दो सगे भाइयों की मौत, दोनों बहनें गंभीर

रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं: तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने चार भाई-बहनों को कुचला, दो सगे भाइयों की मौत, दोनों बहनें गंभीर

दर्दनाक सड़क हादसे ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया

AI-Generated Images

रक्षाबंधन के अगले दिन फरीदाबाद में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मांगर चौकी क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 7 बजे तेज रफ्तार टोयोटा फॉर्च्यूनर ने सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे चार भाई-बहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो सगे भाइयों अखिलेश और अवधेश की मौत हो गई, जबकि उनकी दोनों बहनें सरोज और राजकुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

तेज रफ्तार टोयोटा फॉर्च्यूनर ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी

जानकारी के अनुसार, रक्षाबंधन के अवसर पर दोनों बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए मांगर इलाके में रहने वाले अपने भाई अखिलेश के पास पहुंची थीं। पलवल में रहने वाला दूसरा भाई अवधेश भी वहां पहुंचा था। दोनों बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। अगले दिन शनिवार सुबह दोनों भाई अपनी बहनों को विदा करने के लिए डेरा कट-मांगर चुंगी के पास बस स्टैंड तक पहुंचे थे। चारों सड़क किनारे खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टोयोटा फॉर्च्यूनर ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आईं और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों बहनें भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं।

एक बहन ICU में, दूसरी के हाथ में फ्रैक्चर

हादसे के बाद पुलिस टीम ने चारों घायलों को अपनी सरकारी गाड़ी से फरीदाबाद के बीके अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने अखिलेश और अवधेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, बड़ी बहन सरोज की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें ICU में भर्ती किया गया है, जबकि छोटी बहन राजकुमारी के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और उनकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार दोनों बहनों का इलाज फरीदाबाद के निजी अस्पताल में भी कराया जा रहा है।

हादसे के बाद चालक फरार

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, फॉर्च्यूनर चालक हादसे को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही मांगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने वाहन के रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

अखिलेश के परिवार में पत्नी-बच्चों का सहारा छिना

परिजनों के मुताबिक, अखिलेश परिवार में कमाने वाले प्रमुख सदस्य थे। उनके पीछे छोटी-छोटी दो बेटियां हैं। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चाचा नन्हे और दोस्त रोहित ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए और फरार आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

Join The Conversation Opens in a new tab
×