loader
The Haryana Story | मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर BJP का बड़ा अभियान, 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर BJP का बड़ा अभियान, 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

BJP इस अवसर को सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और विकास से जोड़ते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। ऐसे में 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होंगे। BJP इस अवसर को सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और विकास से जोड़ते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अभियान की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा, विकास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कार्यों को प्रमुखता से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने शुरुआती संकल्पों को योजनाओं के माध्यम से जमीन पर उतारने का काम किया है।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

BJP के अनुसार अभियान की शुरुआत 17 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से होगी और यह 17 अक्टूबर तक चलेगा। हालांकि 7 अक्टूबर अभियान का प्रमुख पड़ाव रहेगा, क्योंकि इसी दिन प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होंगे। अभियान के तहत सेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, शिक्षा, युवाओं की भागीदारी और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचने सहित कई गतिविधियां होंगी।

‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी शुरुआत

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत लाभार्थियों और आम लोगों से दीप जलाने की अपील की गई है। हरियाणा में भी बूथ स्तर तक इस कार्यक्रम को आयोजित करने की तैयारी है। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प से लोगों को जोड़ना है।

स्कूलों में प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक और आंगनवाड़ी कार्यक्रम

17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच स्कूलों में चित्रकला, भाषण और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से पिछले 25 वर्षों के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की योजना है। वहीं 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच ‘आंगन का उत्सव’ के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर महिलाओं और बच्चों के लिए स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े कार्यक्रम होंगे। आंगनवाड़ी, आशा कार्यकर्ताओं और अन्य सेवा कर्मियों के सम्मान की भी योजना है।

 ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और वडनगर से वाराणसी तक यात्रा

7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित करने की योजना है। हरियाणा में गांवों से मशाल यात्राएं जिला मुख्यालयों तक पहुंचाने की योजना बताई गई है। इसके अलावा वडनगर से वाराणसी तक यात्रा की योजना भी अभियान का हिस्सा है। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी की जन्मभूमि वडनगर और कर्मभूमि वाराणसी को सेवा और विकास के संदेश के साथ जोड़ना है।

युवाओं और नए आइडिया पर भी फोकस

अभियान में युवाओं को जोड़ने के लिए इनोवेशन से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से युवाओं के नए विचारों को प्रोत्साहित और बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किए जाने की योजना है। BJP ने युवाओं और Gen-Z तक अभियान की पहुंच बढ़ाने के लिए अलग से रणनीति भी तैयार की है।

‘सेवा मेरा योगदान’ से जनभागीदारी ‘सेवा मेरा योगदान’

अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक नागरिकों को अलग-अलग सेवा गतिविधियों से जोड़ने की योजना है। वहीं ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए शिविर लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता, रक्तदान, पौधरोपण और डिजिटल जागरूकता जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।

पंचायत से संसद तक जनप्रतिनिधियों को जोड़ने की तैयारी

अभियान के अंतिम चरण में ‘जन सेवक महाकुंभ-पंचायत से संसद’ कार्यक्रम के माध्यम से पंचायतों से लेकर संसद तक जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना है। इसके जरिए सेवा, सुशासन और जनप्रतिनिधियों की भूमिका को अभियान से जोड़ा जाएगा।

BJP बताएगी 25 वर्षों की ‘सेवा और विकास’ की कहानी

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के दौरान गरीब कल्याण, उज्ज्वला, आवास, खाद्य सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, खेल, स्टार्टअप, सांस्कृतिक परियोजनाओं और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में हुए बदलावों को अभियान के जरिए जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। BJP का उद्देश्य इन योजनाओं के लाभार्थियों की वास्तविक कहानियों को सामने लाकर यह बताना है कि सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में किस तरह बदलाव आया। हरियाणा सरकार भी अभियान को लेकर तैयारियों में जुटी है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक हो चुकी है और जिलों में अधिकारियों को अभियान के विभिन्न मॉड्यूल लागू करने की जिम्मेदारियां दी गई हैं। कुल मिलाकर, प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर BJP का यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर सेवा, जनभागीदारी, सरकारी योजनाओं के प्रचार, युवाओं, महिलाओं, बच्चों और लाभार्थियों को जोड़ने वाले एक महीने के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के रूप में तैयार किया जा रहा है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×