loader
The Haryana Story | ‘स्कूल-अस्पताल नहीं, बल्कि हर शहर में बन गए BJP के चमचमाते दफ्तर’: दीपेन्द्र हुड्डा का सरकार पर तीखा हमला

‘स्कूल-अस्पताल नहीं, बल्कि हर शहर में बन गए BJP के चमचमाते दफ्तर’: दीपेन्द्र हुड्डा का सरकार पर तीखा हमला

सफाई कर्मचारियों के मुद्दे पर बोले- अपमान और मंत्रियों का अहंकारी रवैया स्वीकार्य नहीं, HKRN कर्मियों को पक्का करने की मांग

कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने मंगलवार को समालखा में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश में सफाई कर्मचारियों के आंदोलन, कच्चे कर्मचारियों की नौकरी, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेशभर में पिछले करीब एक महीने से सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनके प्रति असंवेदनशील रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सफाई कर्मचारियों की मांगों का पूरा समर्थन करती है। अगर सरकार में थोड़ी भी संवेदना होती तो सफाई कर्मचारियों की मांगों को अस्वीकार नहीं करती। उनका अपमान और मंत्रियों का अहंकारी रवैया स्वीकार्य नहीं है।

कर्मचारियों को वेतन के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा

उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 14 हजार और शहरों में करीब 11 हजार सफाई कर्मचारी लगाए गए थे। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में सफाई कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था, ताकि उन्हें भविष्य में पेंशन जैसी सुविधाएं भी मिल सकें। हुड्डा ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में कर्मचारियों को वेतन के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है और धरने पर बैठे HKRN के कर्मचारियों को नौकरी से हटाने की कार्रवाई की गई है। 

HKRN कर्मचारियों को पक्का करने की मांग

दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान HKRN में कार्यरत डेढ़ से दो लाख कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था। उनके मुताबिक अब सरकार विधानसभा में कह रही है कि यह केवल अस्थायी व्यवस्था है और नियमित भर्ती होने पर इन कर्मचारियों को हटाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा लगातार HKRN कर्मचारियों को पक्का करने की मांग उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इन कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षित करनी चाहिए और भविष्य में केवल नियमित सरकारी भर्तियों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

‘स्कूल, कॉलेज, अस्पताल नहीं बनाए, हर शहर में दफ्तर बनवा लिए’

भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा, बीजेपी सरकार ने स्कूल, कॉलेज और अस्पताल नहीं बनवाए, लेकिन हर शहर में अपने चमचमाते दफ्तर जरूर बनवा लिए।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ी है और युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कांग्रेस शासन और मौजूदा सरकार के दौरान गन्ने के भाव में हुई बढ़ोतरी की तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान गन्ने का भाव करीब 100 रुपये से बढ़ाकर 310 रुपये किया गया था, जबकि पिछले वर्षों में यह 408 रुपये तक पहुंचा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के समय गन्ने के भाव में बढ़ोतरी की दर मौजूदा सरकार से अधिक रही।

‘कानून-व्यवस्था चौपट, विदेश और जेल से आ रही फिरौती की कॉल’

दीपेन्द्र हुड्डा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में बड़े गैंग सक्रिय हैं और विदेशों तथा जेलों से फिरौती की कॉल किए जाने के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने बेरोजगारी, नशाखोरी और युवाओं के विदेश पलायन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश का युवा अपने भविष्य को लेकर निराश है। साथ ही उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जनता परेशान है, जबकि भाजपा के नेताओं और मंत्रियों पर अवैध कॉलोनियों, माइनिंग और अन्य मामलों में भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं।

समालखा ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में दीपेन्द्र हुड्डा ने नवनियुक्त ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मदन लाल को बधाई दी और कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में AICC सचिव एवं हरियाणा कांग्रेस सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल, करनाल लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे दिव्यांशु बुद्धिराजा, पूर्व विधायक बलबीर बाल्मीकि, पानीपत शहर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी बुल्ले शाह, कंवर सिंह छौक्कर, ग्रामीण जिलाध्यक्ष रमेश मलिक, शहरी जिलाध्यक्ष बलजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×