loader
The Haryana Story | टॉयलेट के पास वाटर कूलर देख भड़कीं मीना परमार, IGU में अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी; महिला ट्रेनर के बिना जिम पर कार्रवाई की चेतावनी

टॉयलेट के पास वाटर कूलर देख भड़कीं मीना परमार, IGU में अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी; महिला ट्रेनर के बिना जिम पर कार्रवाई की चेतावनी

निरीक्षण के दौरान अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई

रेवाड़ी। हरियाणा राज्य महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना परमार ने शुक्रवार को रेवाड़ी का दौरा कर इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (IGU), मीरपुर और नागरिक अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विश्वविद्यालय में निरीक्षण के दौरान अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई और छात्राओं की सुरक्षा तथा मूलभूत सुविधाओं को लेकर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। मीना परमार ने सबसे पहले इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर पहुंचकर विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्राओं की सुरक्षा, सुविधाओं और परिसर की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कुलपति प्रो. असीम मिगलानी और डॉ. सीमा मिगलानी से मुलाकात की। इसके बाद छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें पॉक्सो एक्ट, महिला सुरक्षा और अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

टॉयलेट के पास वाटर कूलर देख जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में सफाई व्यवस्था और पेयजल की स्थिति को लेकर मीना परमार ने नाराजगी जताई। टॉयलेट के ठीक पास वाटर कूलर लगा देखकर उन्होंने आपत्ति जताई और अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने परिसर में चल रहे जिम की व्यवस्था का भी जायजा लिया। महिला छात्राओं के लिए जिम में महिला ट्रेनर की व्यवस्था नहीं होने पर उन्होंने इसे गंभीरता से लिया और आवश्यक सुधार नहीं होने की स्थिति में कार्रवाई की चेतावनी दी।

IGU के पास पुलिस बीट की जरूरत

मीना परमार ने कहा कि विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में छात्राएं पढ़ती हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि IGU के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस बीट की आवश्यकता है। इस संबंध में वह रेवाड़ी के पुलिस अधीक्षक से भी बातचीत करेंगी।

नागरिक अस्पताल में महिला वार्ड का निरीक्षण

इसके बाद वाइस चेयरपर्सन ने नागरिक अस्पताल, रेवाड़ी का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला वार्ड समेत मरीजों के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। मीना परमार ने कहा कि महिलाओं और मरीजों को अस्पताल में सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है। महिलाओं से जुड़ी सुविधाओं और सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Join The Conversation Opens in a new tab
×