सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस महासचिव कुमारी सैलजा ने पेपर लीक, रोजगार, शिक्षा, मतदाता सूची, सफाई कर्मचारियों और डिजिटल भुगतान से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक की शिकायतों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वहीं, मतदाता सूची में नाम कटने और सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर भी उन्होंने सरकार से जवाब मांगा। सिरसा की अनाज मंडी में आयोजित डेरा बाबा भूमणशाह, संगर साधा के सत्संग में पहुंचीं कुमारी सैलजा ने बाबा ब्रह्मदास महाराज की सराहना करते हुए कहा कि वे 36 बिरादरी को भक्ति, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दे रहे हैं। संत-महापुरुषों की शिक्षाएं समाज को जोड़ने और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का काम करती हैं।
पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित
मीडिया से बातचीत में कुमारी सैलजा ने प्रतियोगी परीक्षाओं और पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बार-बार पेपर लीक होने और भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ियों की शिकायतों का सबसे ज्यादा नुकसान मेहनत करने वाले युवाओं को उठाना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता है और उनमें निराशा बढ़ती है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को समय पर रोजगार नहीं मिल रहा और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सरकार को विद्यार्थियों की पढ़ाई, रोजगार और भविष्य की चिंता करनी चाहिए। सैलजा ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं। युवाओं की समस्याओं को सुनना और उनकी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाना जरूरी है।
मतदाता सूची से नाम कटने पर उठाए सवाल
कुमारी सैलजा ने मतदाता सूचियों में नाम हटाए जाने का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को अपने नाम दोबारा जुड़वाने या स्थिति स्पष्ट कराने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी भी पात्र मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित न होना पड़े।
सफाई कर्मचारियों की मांगों का स्थायी समाधान करे
सरकार सफाई कर्मचारियों के मुद्दे पर सैलजा ने कहा कि कर्मचारियों से किए गए वादों को पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई कर्मचारियों के साथ धोखा हुआ है और उनकी मांगों का स्थायी समाधान निकालने के बजाय उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से कर्मचारी संगठनों के साथ बातचीत कर उनकी जायज मांगों का समाधान करने की मांग की।
डिजिटल भुगतान के फैसलों में व्यापारियों के हितों का ध्यान रखने की मांग
डिजिटल भुगतान और यूपीआई से जुड़े सवाल पर कुमारी सैलजा ने कहा कि ऐसे फैसले लेते समय छोटे व्यापारियों, दुकानदारों और आम लोगों के हितों का ध्यान रखा जाना चाहिए। डिजिटल लेन-देन आज छोटे से छोटे कारोबार तक पहुंच चुका है, इसलिए इससे संबंधित नीतियों का व्यापार और अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाला असर समझना जरूरी है। उन्होंने आशंका जताई कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ने से छोटे कारोबारियों और आम उपभोक्ताओं पर भी असर पड़ सकता है।
शहीद सुखचैन सिंह को श्रद्धांजलि दी, परिजनों से की मुलाकात
कुमारी सैलजा गांव कुत्ताबढ़ में शहीद लांस नायक सुखचैन सिंह के आवास पर पहुंचीं और उनके परिजनों से मुलाकात कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में देश की सेवा करते हुए मात्र 30 वर्ष की आयु में उनका शहीद होना अत्यंत दुखद है। सैलजा ने कहा कि मातृभूमि की सेवा में शहीद सुखचैन सिंह का समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा सदैव सम्मान के साथ याद की जाएगी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
बाबा जीवन सिंह जी के प्रकाश पर्व पर टेका माथा
कुमारी सैलजा ने सिरसा स्थित गुरुद्वारा साहिब दसवीं पातशाही में शिरोमणि शहीद धन-धन बाबा जीवन सिंह जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित समागम में भी माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि बाबा जीवन सिंह जी का त्याग, वीरता और अटूट समर्पण मानवता को सेवा, साहस और समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने समस्त संगत को प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला, पूर्व सांसद सुशील इंदौरा, कांग्रेस नेत्री कृष्णा फौगाट, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेश चाडीवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरभान मेहता, नवीन केडिया, राजकुमार शर्मा, सतपाल मेहता, राजन मेहता, सर्वमित्र कंबोज, लादूराम पूनिया और सुभाष जोधपुरिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?