नारनौंद विधानसभा क्षेत्र के बास गांव में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में विधायक जस्सी पेटवाड़ ने पूर्व विधायक एवं हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने 2029 के विधानसभा चुनाव को लेकर कैप्टन अभिमन्यु को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वे एक बार फिर नारनौंद से चुनाव मैदान में उतरते हैं तो कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें सबसे बड़ी हार चखाने का काम करेंगे। जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव में नारनौंद की जनता ने उन्हें मौका दिया और कैप्टन अभिमन्यु को पराजय का सामना करना पड़ा।
सबसे बड़ी हार चखाने के लिए तैयार
चुनाव परिणाम के मुताबिक पेटवाड़ को 84,801 वोट मिले थे, जबकि कैप्टन अभिमन्यु को 72,223 वोट मिले। पेटवाड़ ने 12,578 वोटों के अंतर से चुनाव जीता था। कार्यकर्ता सम्मेलन में विधायक ने कार्यकर्ताओं से सवाल करते हुए कहा कि अगर कैप्टन अभिमन्यु 2029 में फिर नारनौंद से चुनाव लड़ते हैं तो क्या वे उन्हें सबसे बड़ी हार चखाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले विधायक नहीं हैं। जस्सी पेटवाड़ ने कहा, “मुझे सोशल मीडिया पर रील बनाने वाला बताया गया, लेकिन मैं रील नहीं, रेल बनाना जानता हूं।”
‘सरकार ऊपर भी आपकी, नीचे भी आपकी, फिर विकास क्यों नहीं हुआ?’
विधायक ने अपने संबोधन में नारनौंद क्षेत्र के विकास को लेकर भी पूर्व वित्त मंत्री पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में भी उनकी सरकार थी और नारनौंद में भी उनका विधायक था, तो क्षेत्र में अपेक्षित विकास क्यों नहीं हुआ। जस्सी पेटवाड़ ने आरोप लगाया कि नारनौंद क्षेत्र में अस्पताल, पशु केंद्र, कॉलेज और आईटीआई जैसी परियोजनाएं तो बनाई गईं, लेकिन कई जगह पर्याप्त सुविधाएं और व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने एक विश्वविद्यालय का जिक्र करते हुए दावा किया कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद वहां कई काम अधूरे पड़े हैं। विधायक ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों और विश्वविद्यालय के कुलपति के साथ मौके का दौरा किया और इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद विश्वविद्यालय से जुड़े कार्यों को आगे नहीं बढ़ाया जा रहा।
‘थाने-तहसील की दलाली बंद होने से कुछ लोगों को दर्द’
जस्सी पेटवाड़ ने अपने कार्यकाल को लेकर कहा कि सत्ता में आने के बाद थानों और तहसीलों में कथित तौर पर दलाली करने वाले लोगों की गतिविधियों पर रोक लगी है। उनके मुताबिक इससे कुछ लोगों को परेशानी हो रही है और इसी वजह से उनके खिलाफ बयानबाजी व प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच उनके खिलाफ किए जा रहे प्रचार का जवाब भी जनता ही देगी। विधायक ने कार्यकर्ताओं से कहा कि नारनौंद की जनता के साथ उनका रिश्ता राजनीतिक नहीं, बल्कि भाईचारे और सेवा का है।
‘बेटा, भाई और सेवक बनकर जनता की सेवा करता रहूंगा’
कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान जस्सी पेटवाड़ ने कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता का आभार जताते हुए कहा कि वह खुद को नारनौंद की जनता का बेटा, भाई और सेवक मानते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक शरीर में ताकत और सांसें हैं, तब तक वह क्षेत्र की जनता की सेवा करते रहेंगे। नारनौंद सीट पर 2024 में कांग्रेस के जस्सी पेटवाड़ और भाजपा के कैप्टन अभिमन्यु के बीच सीधा मुकाबला हुआ था। पेटवाड़ ने 51.37 प्रतिशत वोट हासिल किए, जबकि कैप्टन अभिमन्यु को 43.75 प्रतिशत वोट मिले थे। अंत में जस्सी पेटवाड़ ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?