फरीदाबाद। तिगांव विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन में रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर नशे, अपराध, प्रशासनिक व्यवस्था और चुनावी प्रक्रिया समेत कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस संगठन को बूथ से लेकर जिला स्तर तक मजबूत करने का काम लगातार जारी है और कार्यकर्ताओं को एकजुट कर आने वाले चुनावों की तैयारियां की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर सवाल खड़े किए
दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा में बढ़ती नशे की समस्या का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब में जाकर नशे के खिलाफ अभियान की बात करते हैं, लेकिन हरियाणा में भी नशे की समस्या गंभीर है और सरकार को सबसे पहले अपने प्रदेश के युवाओं को नशे से बचाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने पंजाब में नशे को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयानों का भी जिक्र किया और कहा कि हरियाणा में इस समस्या से निपटने के लिए भी गंभीरता से काम करने की जरूरत है।
अपराध और गैंगस्टरों के मुद्दे पर सरकार को घेरा
हुड्डा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है और गैंगस्टरों की ओर से व्यापारियों समेत अन्य लोगों को धमकाकर फिरौती मांगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार से कानून-व्यवस्था को लेकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों के तबादलों को लेकर भी उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। हुड्डा ने कहा कि आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए जाते हैं और कुछ समय बाद ही उनके तबादला आदेश रोक दिए जाते हैं। उन्होंने इसे लेकर मुख्यमंत्री की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
चुनावी प्रक्रिया को लेकर फिर उठाए सवाल
हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणामों का जिक्र करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने चुनावी प्रक्रिया और आंकड़ों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि पोस्टल बैलेट की गिनती के दौरान कांग्रेस आगे चल रही थी, लेकिन अंतिम परिणाम भाजपा के पक्ष में आया। उन्होंने मतदान प्रतिशत से जुड़े आंकड़ों को लेकर भी चुनाव आयोग से जवाब मांगे। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मुद्दे को लेकर आगे भी अपना अभियान जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों को जनता के सामने उठाती रहेगी और संबंधित संस्थाओं से जवाब मांगे जाएंगे।
'संगठन सृजन वर्ष' के तहत बूथ स्तर तक पहुंच रही कांग्रेस
कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर बोलते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पार्टी बूथ और जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन वर्ष के तहत नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और पुराने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। सम्मेलन में तिगांव विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?