जींद के उचाना में राजीव गांधी महाविद्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई तेज करने का संकल्प लिया। सम्मेलन में पार्टी के भीतर की पुरानी खामियों और नेताओं-कार्यकर्ताओं के बीच बनी दूरियों का मुद्दा भी खुलकर उठा। वरिष्ठ नेताओं ने जहां कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया, वहीं आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से जमीन तैयार करने की बात कही। सम्मेलन में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, सिरसा सांसद कुमारी सैलजा, पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, विधायक आदित्य सुरजेवाला समेत अनेक वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने की। सम्मेलन में महिलाओं की भी विशेष भागीदारी रही।
सैलजा बोलीं- कांग्रेस में गड़बड़ी किसने की, इस पर भी विचार जरूरी
सांसद कुमारी सैलजा ने अपने संबोधन में पार्टी की अंदरूनी स्थिति पर सीधे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भाजपा के खिलाफ लड़ाई तो जारी है, लेकिन पार्टी के भीतर भी एक लड़ाई लड़नी है। यह लड़ाई उन परिस्थितियों के खिलाफ है, जिनके चलते कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता पार्टी से दूर हुए। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस में जो दूरी पैदा हुई, वह किसने पैदा की और पार्टी के भीतर गड़बड़ी किसने की, इस पर भी मंथन होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों के हाथों में सत्ता और संगठन की जिम्मेदारी थी, उनकी जिम्मेदारी थी कि वे सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और साथियों को साथ लेकर चलते। सैलजा ने कहा कि बीरेंद्र सिंह, राव इंद्रजीत सिंह और किरण चौधरी जैसे वरिष्ठ नेताओं का कांग्रेस से अलग होना पार्टी के लिए गंभीर विषय रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी पुरानी गलतियों से सीखना होगा और हर नेता व कार्यकर्ता को उचित सम्मान देना होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परिस्थितियां कैसी भी हों, वह कांग्रेस छोड़ने वाली नहीं हैं।
बीरेंद्र सिंह बोले- कांग्रेस में दो तरह के लोग, पार्टी को एक करने के लिए लड़ूंगा
पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में दो तरह के लोग हैं। एक वे हैं जिनके दिल में कांग्रेस बसी हुई है और दूसरे वे हैं जो केवल कांग्रेस में आने-जाने की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि वह निस्वार्थ भाव से कांग्रेस को एक करने की लड़ाई लड़ेंगे और कार्यकर्ताओं को भी पार्टी की एकता का प्रतीक बनने का आह्वान किया। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा की राजनीति में बदलाव की जमीन तैयार हो चुकी है और बांगर का प्रभाव आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में दिखाई देगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार 2029 तक नहीं टिकेगी और उससे पहले ही प्रदेश में राजनीतिक बदलाव की स्थिति बन सकती है। उनका कहना था कि भाजपा के पास हमेशा सत्ता में बने रहने का कोई स्थायी सौदा नहीं है।
राव नरेंद्र ने रखा 70 सीटों का लक्ष्य, बोले- बूथ मजबूत तो कांग्रेस मजबूत
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को प्रदेश में सत्ता में वापस लाने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और घर-घर जाकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की जरूरत है। उन्होंने किसान, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, महंगाई और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच मजबूती से उठाने की बात कही।
राव नरेंद्र ने कार्यकर्ताओं के सामने 2029 के विधानसभा चुनाव में 70 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा। राव नरेंद्र ने कहा कि सरकार को कागजों में व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के बजाय मंडियों में जाकर किसानों की वास्तविक स्थिति देखनी चाहिए। कानून-व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सरकार से जवाबदेही की मांग की। उन्होंने मतदाता सूची और एसआईआर के मुद्दे पर कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम प्रक्रिया की कमी के कारण सूची से बाहर नहीं होना चाहिए।
बृजेंद्र सिंह का हमला- तीन हार के कर्णधार चौथी बार भी कांग्रेस को सत्ता से बाहर रखने की तैयारी में
पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कांग्रेस की चुनावी हार और संगठन के भीतर की राजनीति को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग लगातार तीन चुनावी हार के लिए जिम्मेदार रहे हैं, वे चौथी बार भी कांग्रेस को सत्ता से बाहर रखने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि चुनाव आयोग भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहा है तथा उसकी मदद से भाजपा चुनाव जीत रही है। बृजेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच ले जाने का आह्वान किया।
संजय दत्त बोले- कांग्रेस का लक्ष्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, जनता का विश्वास जीतना
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस का मकसद केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतना है। जिस दिन जनता का भरोसा कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़ा हो जाएगा, चुनाव अपने आप कांग्रेस के पक्ष में आएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया। संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस को 70 विधानसभा सीटों के लक्ष्य के साथ संगठनात्मक तैयारी करनी होगी।
कुलदीप शर्मा ने संगठन और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती पर दिया जोर
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनता के अधिकारों और संस्थाओं की पारदर्शिता की रक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर समय जनता के बीच मौजूद रहें और किसान, युवा, व्यापारी तथा आम नागरिक की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उठाएं।
सम्मेलन में भाजपा के खिलाफ प्रस्ताव, सड़क से सदन तक संघर्ष का ऐलान
सम्मेलन में राहुल गांधी के प्रतिरोध के आह्वान का समर्थन करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा की नीतियों के खिलाफ लगातार संघर्ष जारी रखने और जनसमस्याओं को लेकर सड़कों पर उतरने का संकल्प लिया। सम्मेलन का मुख्य संदेश यही रहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत कर 2029 की चुनावी लड़ाई के लिए अभी से जमीन तैयार की जाए। सम्मेलन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष ऋषिपाल हैबतपुर, पूर्व सीपीएस प्रहलाद गिल्लाखेड़ा, पूर्व विधायक जोगी राम, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष लाजवंती ढिल्लों, लाल बहादुर खोवाल, दीपक लांबा, धर्मबीर गोयत, सतबीर दहलैन, जगदेव मलिक, रजिया बानो, चाणक्य शर्मा सहित अनेक नेता एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?