loader
The Haryana Story | अजय चौटाला तंज, बोले- हरियाणा में सरकार है ही नहीं 'अभी सिंगापुर में है, आते ही पंजाब चली जाएगी’

अजय चौटाला तंज, बोले- हरियाणा में सरकार है ही नहीं 'अभी सिंगापुर में है, आते ही पंजाब चली जाएगी’

‘EC, ED, CBI और IT सरकार की पैरोल पर’: अजय चौटाला ने चुनाव आयोग समेत केंद्रीय एजेंसियों पर उठाए सवाल

भिवानी। जननायक जनता पार्टी (JJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय चौटाला ने बुधवार को भिवानी में हरियाणा सरकार पर तीखा हमला बोला। वह अपने एक परिचित के निधन पर शोक प्रकट करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराध, किसानों की समस्याओं, एमएसपी, खाद की किल्लत, चुनाव आयोग और केंद्रीय जांच एजेंसियों सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।

साथ ही उन्होंने अपने चाचा एवं पूर्व मंत्री रणजीत चौटाला के क्षेत्रीय दलों के अस्तित्व पर दिए बयान पर भी पलटवार किया। अजय चौटाला ने प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि “हरियाणा में तो सरकार है ही नहीं। फिलहाल हरियाणा सरकार सिंगापुर में है और जब वापस आएगी तो पंजाब चली जाएगी।” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार अपराध बढ़ रहा है, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।

‘न बाजरा बिक रहा, न धान’

किसानों के मुद्दे पर अजय चौटाला ने कहा कि सरकार ने किसानों को 24 फसलों पर एमएसपी देने का वादा किया था, लेकिन मंडियों में न तो बाजरा बिक रहा है और न ही धान। उनके मुताबिक किसान लगातार परेशान है। उन्होंने खाद की उपलब्धता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि “खाद की पर्ची थानों में मिल रही है।”

चुनाव आयोग और केंद्रीय एजेंसियों पर भी निशाना

चुनाव आयोग को लेकर उठ रहे सवालों पर अजय चौटाला ने कहा कि “EC, ED, CBI और IT सारी एजेंसियां सरकार की पैरोल पर काम करती हैं।” उन्होंने भाजपा पर जनता को लूटने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी कार्यालयों के नाम पर सेवन स्टार होटल बनाए जा रहे हैं।

रणजीत चौटाला के बयान पर किया पलटवार

क्षेत्रीय दलों के भविष्य को लेकर अपने चाचा रणजीत चौटाला के बयान पर अजय चौटाला ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि रणजीत चौटाला से पूछा जाना चाहिए कि “उनके बाप, भाई, खुद या चौथी पीढ़ी ने बिना क्षेत्रीय पार्टी के कुछ हासिल किया है क्या?” उन्होंने कहा कि रणजीत चौटाला ने दो बार नेशनल पार्टी से चुनाव लड़ा और दोनों बार हार का सामना करना पड़ा। अजय चौटाला का यह बयान चौटाला परिवार के भीतर जारी राजनीतिक मतभेदों के बीच आया है। हाल के दिनों में परिवार की नई पीढ़ी के नेताओं के बीच भी बयानों को लेकर राजनीतिक खींचतान सामने आई है।

‘2 अक्टूबर से जनजागरण अभियान चला रही जेजेपी’

अजय चौटाला ने बताया कि जेजेपी की ओर से 2 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से पार्टी अपनी नीतियों को जनता तक पहुंचाएगी और सरकार की कथित अनियमितताओं को उजागर करेगी।

एशियन गेम्स के पदक विजेताओं को दी बधाई

एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय और हरियाणा के खिलाड़ियों को अजय चौटाला ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों से देश और प्रदेश का गौरव बढ़ा है। हालांकि उन्होंने खेल बजट को लेकर सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों की बजाय ऐसे प्रदेश में खेल बजट खर्च कर रही है, जहां न खेल हैं और न खिलाड़ी।

भाजपा द्वारा एशियन गेम्स में मिले पदकों का श्रेय प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की नीतियों को दिए जाने पर अजय चौटाला ने कहा कि यह पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश चौटाला ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीत हासिल करने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन राशि की शुरुआत की थी। अजय चौटाला ने सरकार से मांग की कि मेडल विजेता खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि बढ़ाई जाए और उन्हें अच्छी सरकारी नौकरी दी जाए, ताकि खिलाड़ियों को आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिल सके।

Join The Conversation Opens in a new tab
×