loader
The Haryana Story | गुरुग्राम को मिलेगी ग्लोबल पहचान, सिंगापुर के सनटेक सिटी की तर्ज पर विकसित होगा अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर

गुरुग्राम को मिलेगी ग्लोबल पहचान, सिंगापुर के सनटेक सिटी की तर्ज पर विकसित होगा अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर

सीएम सैनी ने सिंगापुर में देखे विश्वस्तरीय मॉडल, गुरुग्राम के कन्वेंशन सेंटर को लेकर तैयारियां तेज

AI-Generated Images

हरियाणा सरकार गुरुग्राम में लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। प्रस्तावित केंद्र को अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक इंजीनियरिंग से लैस किया जाएगा, ताकि यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन, व्यापारिक बैठकें, प्रदर्शनियां और अन्य बड़े वैश्विक आयोजन आयोजित किए जा सकें।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर दौरे के दौरान इस परियोजना के लिए वहां की विश्वस्तरीय व्यवस्थाओं और तकनीकों का अध्ययन किया। मुख्यमंत्री ने सिंगापुर की प्रसिद्ध Suntec City का दौरा कर वहां स्थित कन्वेंशन एवं एग्जिबिशन सेंटर की व्यवस्थाओं को करीब से समझा। उन्होंने केंद्र की सुविधाओं, निर्माण तकनीक, आधुनिक इंजीनियरिंग और संचालन व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली। मुख्यमंत्री के साथ हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग और एचएसआईआईडीसी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

हरियाणा की अर्थव्यवस्था को सकारात्मक गति मिलने की उम्मीद

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर की सनटेक सिटी में विकसित कन्वेंशन सुविधाओं का अध्ययन गुरुग्राम की प्रस्तावित परियोजना के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की श्रेष्ठ व्यवस्थाओं को समझने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में विकसित होने वाला कन्वेंशन सेंटर आधुनिक तकनीक और इंजीनियरिंग का ऐसा केंद्र होगा, जहां बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, बिजनेस मीटिंग, प्रदर्शनियां और वैश्विक स्तर के कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। सरकार के अनुसार इस परियोजना से गुरुग्राम की अंतरराष्ट्रीय पहचान और मजबूत होगी। इसके साथ ही निवेश तथा व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और हरियाणा की अर्थव्यवस्था को सकारात्मक गति मिलने की उम्मीद है।

गार्डन्स बाय द बे में पर्यावरण और जल प्रबंधन का अध्ययन

सिंगापुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने Gardens by the Bay का भी अवलोकन किया। यहां उन्होंने प्रकृति संरक्षण, विभिन्न प्रजातियों के पौधों के संरक्षण तथा आधुनिक जल प्रबंधन की व्यवस्थाओं को समझा। विशेष रूप से पानी की आपूर्ति, संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं का अध्ययन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर में आधुनिक शहरी नियोजन, पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े जिन मॉडलों को देखा गया है, उनमें से उपयोगी व्यवस्थाओं को हरियाणा में लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

मानेसर में भी अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बड़ा पार्क

मुख्यमंत्री ने मानेसर के विकास को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मानेसर में अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ एक बड़े और सुंदर पार्क का विकास किया जाएगा। इससे क्षेत्र में बेहतर नागरिक सुविधाओं के साथ हरित वातावरण उपलब्ध कराने और समग्र विकास को गति देने में मदद मिलेगी।

भारतीय पर्यटकों ने ली तस्वीरें, विदेशी पर्यटकों से भी मिले

Gardens by the Bay में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भारतीय पर्यटकों ने मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें व सेल्फी लीं। कई परिवारों ने मुख्यमंत्री के साथ फोटो खिंचवाई। इस दौरान मुख्यमंत्री विदेशी पर्यटकों से भी सहज और आत्मीय भाव से मिले तथा उनसे बातचीत की। हरियाणा सरकार के अनुसार सिंगापुर का यह दौरा केवल कन्वेंशन सेंटर की योजना के लिहाज से ही नहीं, बल्कि आधुनिक शहरी नियोजन, पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन और वैश्विक स्तर की इंफ्रास्ट्रक्चर व्यवस्था को समझने की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रहा।

Join The Conversation Opens in a new tab
×