loader
The Haryana Story | बीरेंद्र सिंह के सामने बैठक में छलका साथियों का दर्द, बीरेंद्र सिंह ने लगाई मरहम

बीरेंद्र सिंह के सामने बैठक में छलका साथियों का दर्द, बीरेंद्र सिंह ने लगाई मरहम

साथी बोले : घर-घर जाकर कांग्रेस के खिलाफ करेंगे प्रचार, बीरेंद्र सिंह ने कहा पागल नहीं बना करते, कांग्रेस को करेंगे मजबूत, सभी दस सीटों पर प्रचार करेंगे

पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह

पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के साथियों-समर्थकों ने हिसार से सांसद रहे बृजेंद्र सिंह को कांग्रेस से टिकट न मिलने पर नाराज़गी जताई और रविवार को बीरेंद्र सिंह के साथियों-समर्थकों ने ही जींद के निजी होटल में बैठक का आयोजन किया। बैठक में बीरेंद्र सिंह, बेटे बृजेंद्र सिंह तथा पत्नी प्रेमलता मौजूद रही। बैठक में बीरेंद्र सिंह के साथियों ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम लिए बिना उनको जमकर कोसा। 

साथी हो तो... फिर कांग्रेस को मजबूत करना होगा 

इसके अलावा कांग्रेस द्वारा टिकटों के लिए करवाए गए सर्वे पर भी सवाल खड़े किए। बाद में बीरेंद्र सिंह ने कहा कि यदि वह उनके साथी हैं तो फिर कांग्रेस को मजबूत करना होगा। पागल बनने में कोई फायदा नहीं है। भाजपा के कुशासन से छुटकारा पाने तथा लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस का मजबूत होना जरूरी है। इसके बाद सभी लोग चुप हो गए तथा बीरेंद्र सिंह की हां में हां मिला दी।

टिकट काटने वालों का संयम के साथ इलाज करेंगे

बैठक को संबोधित करते हुए बीरेंद्र सिंह के साथियों ने कहा कि टिकट काटने वालों का संयम के साथ इलाज करेंगे। हरियाणवी में कहानी सुनाते हुए एक कार्यकर्ता ने कहा कि किसी घर के बाहर कुत्ता खड़ा था, बाप ने कहा रोटी डाल दे। बेटे ने कहा कि रोटी तो नहीं है, बाप ने फिर कहा तो फिर लठ मार दे। इसलिए सभी अपने-अपने लठों को तैयार रखो। इनका इलाज को संयम के साथ करना है और पक्का करना है ताकि दोबारा ऐसी गलती टिकट कटवाने वाले नहीं करें।

यह खेल उसी ने किया है, जिस पर भरोसा था : कार्यकर्ता

राममेहर दनौदा नामक एक कार्यकर्ता ने कहा कि बहुत बड़ा धोखा कर दिया। यह खेल उसी ने किया है, जिस पर भरोसा था। इसी प्रकार एक वक्ता ने कहा कि आजकल मोबाइल का इस्तेमाल भी ध्यान से करना चाहिए, पता नहीं कहां कब बात लीक हो जाए। इसलिए इस भरी जनसभा की बजाय हमें 20 खास लोगों की बैठक में कोई निर्णय करना होगा। लगभग सभी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस तथा भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम लिए बिना कहा कि इनको डबल न्यौन्दा घाल देंगे।

सर्वे में कैसे फेल हो गए, यह साजिश थी

कुछ कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिस सर्वे में बृजेंद्र सिंह को फेल बताया गया है, वह सर्वे ही फर्जी था। यह एक साजिश थी। जो लोग सर्वे में हमारे से पीछे थे, फिर उनको आगे कैसे कर दिया। यह सर्वे नहीं एक फर्जी पत्र था, जिसका बहाना लेकर बृजेंद्र सिंह की टिकट काटी गई है।

अपनी भड़ास यहीं निकाल लो, फिर मौका नही मिलेगा : बीरेंद्र सिंह

बैठक को संबोधित करते हुए बीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह बैठक इसलिए बुलाई गई है ताकि आप लोगों की भड़ास यहीं निकल जाए। जो लोग उनकी बात से सहमत नहीं हो वह अभी बता देना। यदि एक राय करके चलेंगे तो मजबूती रहेगी। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा उनकी विचारधारा की पार्टी नहीं है। भाजपा केवल धर्म व जाति के आधार पर लोगों को बांटती है। भाजपा ने 400 पार का नारा इसलिए दिया है ताकि वह संविधान में संशोधन कर सके। यदि इस बार भाजपा की सरकार बनी तो फिर लोगों के बोलने का अधिकार छीन लिया जाएगा। भारत में फिर कभी चुनाव नहीं होंगे।

देश को बचाना है तो कांग्रेस को मजबूत करना होगा

भाजपा रूस जैसे हालात इस देश में करना चाहती है। इसलिए कांग्रेस को मजबूत करना होगा। टिकट कटना कोई बड़ी बात नहीं है। अभी चार महीने बाद फिर विधानसभा चुनाव होंगे, उसमें टिकट मिल जाएगी। कांग्रेस एक बड़ी पार्टी है और इसमें ऐसी बातें होती रहती हैं। इसलिए देश को बचाना है तो कांग्रेस को मजबूत करना होगा। इसलिए वह सभी लोकसभा सीटों के लिए प्रचार करेंगे। कांग्रेस के सभी उम्मीदवारों को जिताने के लिए काम करेंगे। उन्होंने सभी लोकसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम लिए और प्रचार की बात कही। बीरेंद्र सिंह ने हिसार लोकसभा में भी प्रचार करने की बात कही लेकिन जयप्रकाश का नाम नहीं लिया।

Join The Conversation Opens in a new tab
×