loader
"भाजपा सरकार में मंहगाई और अपराध का बोलबाला"- भूपेंद्र सिंह हुड्डा 

"भाजपा सरकार में मंहगाई और अपराध का बोलबाला"- भूपेंद्र सिंह हुड्डा 

"भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार किया जा रहा है। हरियाणा प्रदेश लगातार कर्ज में डूबता जा रहा है।" - पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार।

प्रतीकात्मक तस्वीर

हरियाणा के पलवल जिले में शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विभिन्न गांवों में जनसभाएं कीं और फरीदाबाद लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र प्रताप सिंह के लिए वोट मांगे। अपने संबोधन में उन्होंने भाजपा सरकार पर कड़े प्रहार किए और आरोप लगाया कि इस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्होंने कहा, "भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार किया जा रहा है। हरियाणा प्रदेश लगातार कर्ज में डूबता जा रहा है।"

पूर्व मुख्यमंत्री ने महंगाई, बेरोजगारी और अपराध की समस्याओं पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, "मंहगाई तो बढ़ ही रही है, साथ में अपराध का ग्राफ भी बढ़ता जा रहा है।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा शासन में हर वर्ग दुःखी है और मंहगाई लगातार बढ़ रही है।

हुड्डा ने कहा कि जिले के अलावलपुर, औरंगाबाद, बहीन, उटावड़ और मिंडकौला गांवों में लोगों ने उनका स्वागत किया। दुर्गापुर गांव के पूर्व सरपंच एवं पूर्व जिला बार प्रधान धर्मेंद्र तेवतिया और युवा नेता पवन रावत ने इस दौरान कांग्रेस का दामन थामा। पूर्व मुख्यमंत्री ने लोगों से कांग्रेस को वोट देने का आग्रह किया ताकि प्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार बन सके। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के बाद होने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए तत्पर है।

हुड्डा ने कांग्रेस शासनकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए दावा किया कि उनके कार्यकाल में हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, निवेश, कानून-व्यवस्था, खेलों तथा युवाओं को नौकरी देने के मामले में देश में अग्रणी था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश बेरोजगारी, महंगाई और अपराध के मामले में देश में नंबर एक पर है। खिलाड़ियों के मुद्दे पर भी हुड्डा ने भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया, "खेलों में भारत का नाम विदेशों में करने वाली बेटियों को जंतर-मंतर पर घसीटा गया। खिलाड़ियों को आजतक न्याय नहीं मिला है।"

इस अवसर पर हुड्डा ने कई वादे भी किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर बुजुर्गों की पेंशन 6,000 रुपये की जाएगी, गरीब लोगों को 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त दी जाएगी और गैस सिलेंडर 500 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कौशल रोजगार निगम बनाकर युवाओं को बेरोजगार बना दिया है। उन्होंने वादा किया कि प्रदेश में 2 लाख सरकारी नौकरियों के रिक्त पदों पर कांग्रेस सरकार बनने के एक साल के भीतर भर्तियां की जाएंगी। साथ ही किसानों को फसलों का उचित मूल्य और फसल खराब होने पर उचित मुआवजा दिया जाएगा।

इन जनसभाओं में हुड्डा के साथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान, लोकसभा प्रत्याशी महेंद्र प्रताप सिंह, विधायक नीरज शर्मा, पूर्व विधायक ललित नागर, वरुण तेवतिया, धर्मेंद्र तेवतिया और पवन रावत सहित काफी संख्या में इलाके के गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×