हरियाणा के बहादुरगढ़ में चलती बस से यात्री को लात मार कर बाहर फेंकने के मामले में आरोपी बस कंडक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद परिजनों ने सामान्य अस्पताल के बाहर लगाए गए जाम को खोल दिया। मृतक युवक के परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए करीब चार घंटे तक दिल्ली रोहतक रोड जाम रखा। इस दौरान पीड़ित परिजनों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इतना ही नहीं मृतक युवक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने और आश्रितों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग की।
बस रोकने को लेकर हुआ था झगड़ा
बता दें कि बहादुरगढ़ के दहकोरा गांव निवासी राहुल का कल घर जाते समय एक निजी बस में बस कंडक्टर के साथ बस रोकने को लेकर झगड़ा हो गया था। इसी झगड़े के दौरान बस कंडक्टर ने उसे लात मार कर चलती बस से बाहर फेंक दिया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी। राहुल की मौत से गुस्साए परिजनों ने उसके शव को लेने से इनकार कर दिया और आरोपी बस कंडक्टर के साथ-साथ बस ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सामान्य अस्पताल के बाहर रोड जाम कर दिया। इस दौरान परिजनों के साथ भारी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण सड़क के बीचो-बीच बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे।
मौत के जिम्मेदार कंडक्टर और बस के चालक को गिरफ्तार करने की मांग
पीड़ित परिजनों ने राहुल की मौत के जिम्मेदार कंडक्टर और बस के चालक को गिरफ्तार करने की मांग रखी। इसके साथ ही ग्रामीणों ने मृतक राहुल की पत्नी को सरकारी नौकरी देने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता मुहैया करवाने की मांग सरकार से की। जाम लगाने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजनों को काफी समझाने बुझाने का प्रयास किया गया। मगर परिजनों ने उनकी एक नहीं सुनी। सड़क जाम करने के करीब 4 घंटे बाद पुलिस ने आरोपी बस कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मृतक राहुल के परिजन थोड़े शांत हुए और शव का अंतिम संस्कार करने के लिए गांव ले गए।
बस चालक की गिरफ्तारी के प्रयास तेज
पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है। आरोपी कंडक्टर की पहचान जसौरखेड़ी गांव के रहने वाले पवन के रूप में हुई है। आरोपी को पुलिस ने आज कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं फरार बस चालक की गिरफ्तारी के प्रयास भी पुलिस ने तेज किए गए हैं। अब देखना होगा कि आखिर पुलिस कब तक उसे भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर पाती है।
related
खतरे में जिंदगियां: अवैध पटाखा गोदाम में धमाके से हिलीं कईं मकानों की नींव, मलबे की चपेट में आई बच्ची
अमर हुआ खाकी का फर्ज: ब्रेन डेड होने के बाद भी कुलदीप ने निभाया 'रक्षक' का धर्म, अंगदान की पेश की मिसाल
आबादी के करीब मंडराया तेंदुआ, शिकार मुंह में दबोचे दिखा, प्रतापनगर के मांडेवाला गऊशाला क्षेत्र में दहशत
Latest stories
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना