loader
The Haryana Story | खतरे में जिंदगियां: अवैध पटाखा गोदाम में धमाके से हिलीं कईं मकानों की नींव, मलबे की चपेट में आई बच्ची

खतरे में जिंदगियां: अवैध पटाखा गोदाम में धमाके से हिलीं कईं मकानों की नींव, मलबे की चपेट में आई बच्ची

रिहायशी इलाके में अवैध पटाखों का जखीरा, करनाल में जोरदार धमाके से ढही पड़ोसी की दीवार, कईं मकानों की दीवारों में आईं दरारें, दहशत में डूबा करनाल

प्रतीकात्मक तस्वीर (AI Generated)

हरियाणा के करनाल में मेरठ रोड स्थित सूरज नगर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंद पड़े पटाखा गोदाम में जोरदार धमाका हुआ। यह ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी और आसपास के घरों की दीवारें तक हिल गईं। इस हादसे ने रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से चल रहे ऐसे गोदामों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हादसे का मंजर: उड़ गई छत, ढह गई दीवारें

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर के समय सूरज नगर की एक गली में स्थित इस गोदाम में अचानक एक कान फाड़ देने वाला धमाका हुआ। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि गोदाम की छत (लैंटर) के परखच्चे उड़ गए। इतना ही नहीं, धमाके के दबाव से पड़ोसी के मकान की दीवार पूरी तरह ढह गई। पीड़ित परिवार ने हाल ही में लोन लेकर घर बनाया था, ने गोदाम मालिक से मुआवजे की मांग की है। प्रशासन अब रिहायशी इलाकों में इस तरह के खतरनाक गोदामों की मौजूदगी की गहनता से पड़ताल कर रहा है। वहीं आसपास के करीब आधा दर्जन मकानों में बड़ी दरारें आ गईं। घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

गली में खेल रही मासूम बच्ची घायल

इस हादसे में गली में खेल रही एक 10 वर्षीय बच्ची धमाके के मलबे और दबाव की चपेट में आने से घायल हो गई। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। राहत की बात यह रही कि जिस वक्त यह विस्फोट हुआ, गोदाम के अंदर कोई कर्मचारी या व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा जान-माल का नुकसान और भी भयावह हो सकता था।

प्रशासनिक कार्रवाई और दमकल की मशक्कत

धमाके की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। गोदाम में लगी आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया ताकि खतरा और न बढ़े। मौके पर पहुँचे SHO सतीश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अत्यधिक गर्मी के कारण गोदाम के भीतर रखे विस्फोटक सामग्री ने आग पकड़ ली, जिससे यह ब्लास्ट हुआ। पुलिस फिलहाल हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है।

स्थानीय निवासियों का आक्रोश: पहले सील था, फिर कैसे खुला?

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। निवासियों का आरोप है कि रिहायशी इलाके के बीचों-बीच यह पटाखा गोदाम अवैध रूप से चलाया जा रहा था। लोगों ने बताया कि इस गोदाम को पुलिस और प्रशासन द्वारा पहले सील भी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद यहाँ पटाखों का स्टॉक रखा हुआ था। कॉलोनी वासियों ने मांग की है कि रिहायशी इलाकों में चल रहे ऐसे सभी अवैध गोदामों को तुरंत हटाया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Join The Conversation Opens in a new tab
×