loader
The Haryana Story | ‘प्रशासन से परिचय’ मुहिम से होनहार विद्यार्थी नई जानकारियों से हो रहे रूबरू

‘प्रशासन से परिचय’ मुहिम से होनहार विद्यार्थी नई जानकारियों से हो रहे रूबरू

अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन की अनूठी पहल के बाद प्रशासनिक कामकाज एवं औद्योगिक इकाइयों के संचालन से रूबरू हो रहे हैं विद्यार्थी, इस तरह की मुहिम शुरू करने वाला पहला जिला बना सिरसा, विद्यार्थियों ने अपने अनुभव किए साझा

प्रतीकात्मक तस्वीर

सिरसा के अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन की एक अनूठी एवं सकारात्मक पहल के बाद ग्रामीण अंचल के विद्यार्थी न केवल प्रशासनिक कामकाज की प्रक्रिया से रूबरू हो रहे हैं, बल्कि उन्हें जिला की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में उत्पाद बनाने की प्रक्रिया का भी ज्ञान हो रहा है। इस कड़ी में सिरसा जिला में पिछले साल दिसंबर माह में इस अनूठे अभियान का आगाज किया गया। अभियान का नाम है ‘प्रशासन से परिचय।’ दरअसल ‘प्रशासन से परिचय’ के तहत सप्ताह में सोमवार व मंगलवार तथा वीरवार एवं शुक्रवार दो अलग चरणों में किसी एक या दो स्कूलों के चयनित होनहार विद्यार्थियों को दो दिवसीय खास भ्रमण करवाया जाता है।

12 स्कूलों के 60 विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके

इस अभियान के तहत अब तक ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित 12 स्कूलों के 60 विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। प्रत्येक स्कूल से 9वीं कक्षा से 12वीं कक्षा तक के 5 विद्यार्थियों का चयन किया जाता है। पहले दिन विद्यार्थियों को विभिन्न प्रशासनिक कार्यालयों में ले जाया जाता है। जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी अमित मनहर के संयोजन में विद्यार्थी पटवार भवन व ई-दिशा केंद्र में लाइसेंस बनने, इंतकाल, जमाबंदी व रजिस्ट्री की प्रक्रिया के बारे में जानते हैं। 

इसी तरह से जिला परिषद कार्यालय में मनरेगा के बारे में तो समाधान शिविर की कार्रवाई को नजदीक से देखते हैं। अतिरिक्त उपायुक्त से संवाद एवं सवाल होते हैं। इसके अलावा दूसरे दिन राइस मिल, वीटा मिल्क प्लांट, सरसों तेल कारखाने में ले जाया जाता है। यहां पर विद्यार्थी औद्योगिक मशीनरी के कार्य की विधि संबंधी जानकारी लेने के अलावा बनने वाले उत्पाद के बारे में भी जानकारी ले रहे है। 

प्रत्येक स्कूल से 5 विद्यार्थियों का चयन

अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन बताया कि प्रशासन से परिचय अभियान का आगाज पिछले साल के अंत में शुरू किया गया था। इस अभियान के दौरान ग्रामीण अंचल में स्थित सरकारी विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया जाता है। प्रत्येक स्कूल से 5 विद्यार्थियों का चयन करने के बाद उन्हें प्रशासनिक कामकाज से अवगत करवाने के लिए जिला में लगे महत्वपूर्ण उद्योगों का भ्रमण करवाया जाता है। 

इससे विद्यार्थियों को यह अवगत होता है कि प्रशासनिक व्यवस्था का संचालन कैसे होता है। समाधान शिविर, जिला नगर आयुक्त, नगर परिषद, जिला राजस्व अधिकारी, राइस मिल, वीटा मिल्क प्लांट, खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय, ई-दिशा केंद्र में इन विद्यार्थियों को ले जाया जाता है। इस कड़ी में विद्यार्थियों के अनुभव के आधार पर उनसे निबंध भी लिखवाए जाएंगे। श्रेष्ठ निबंध लिखने वाले विद्यार्थी को प्रशासन की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा।’ 

प्रशासनिक कामकाज की प्रक्रिया को करीब से देखा और जाना

स्कूल की छात्रा पूजा, निशा और छात्र लविश ने बताया कि उनका यह अनुभव अनूठा ही रहा। पहली बार अधिकारियों से सीधे मुलाकात कर संवाद किया। वीटा मिल्क प्लांट में जाकर पता चला कि दूध से निर्मित उत्पाद कैसे बनते हैं। परिवार पहचान पत्र योजना के बारे में भी जानकारी अर्जित की। अतिरिक्त उपायुक्त से संवाद किया तो उनसे जिज्ञासा पूर्वक सवाल भी पूछे, जिनके उन्होंने जवाब दिए। यह ज्ञानवर्धक भ्रमण रहा। हमने विभिन्न कार्यालयों में जाकर प्रशासनिक कामकाज की प्रक्रिया को करीब से देखा एवं जाना। राइस मिल में चावल की जबकि तेल मिल में सरसों के तेल बनाने की प्रोसेसिंग को पास से देखा।

Join The Conversation Opens in a new tab
×