सोनीपत निवासी एक उद्योगपति ने अपने ही पार्टनर पर एक करोड़ रुपए से भी ज्यादा की ठगी करने का आरोप लगाया है। उद्योगपति ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की वहीं पुलिस अधीक्षक के आदेश पर समालखा डीएसपी की जांच के उपरांत आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मिली जानकारी के अनुसार उद्योगपति महावीर प्रसाद जैन निवासी हुडा सोनीपत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने समालखा के गांव गढ़ी छाजू रोड पर पारस जीपर के नाम से एक फैक्ट्री वर्ष 2023 में लगाई थी।
फैक्ट्री के रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी सूरत सिंह की रहेगी
इस फैक्ट्री में जिसमें गन्नौर के गांव टेहा निवासी सूरत सिंह को 33 प्रतिशत का हिस्सेदार इस कंडीशन पर बनाया था कि फैक्ट्री के पूरे पैसे की लागत उसके द्वारा खर्च की जाएगी और पारस जीपर फैक्ट्री के रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी सूरत सिंह की रहेगी। इस सम्बन्ध में बाकायदा त्यागी स्कूल ड्रैस के नाम पर सूरत सिंह ने एक शपथ पत्र 11 जुलाई 2023 को हमारे बीच समझौता हुआ था, जिस पर 11 जुलाई 2023 को ही 50 लाख रुपये नकद इस कारोबार में लगाने के लिए दिये गये थे। जो इसकी एवज में लाभ के तौर पर 2 लाख रुपये प्रति माह मुझे देने बारे वचनबद्ध हुआ था, लेकिन सूरत सिंह ने 11 जुलाई .2023 से आज तक उसे कोई राशि नहीं दी।
सूरत सिंह से पूछा तो वह मुझे जान से मारने की धमकी देने लगा
उन्होंने बताया कि इसके अलावा 11 जुलाई 2023 को ही उसके व सुरत सिंह के बीच एक पार्टनरशिप डीड तैयार हुई। जिसके अनुसार मेरी हिस्सेदारी 67 प्रतिशत व सूरत सिंह की हिस्सेदारी 33 प्रतिशत तय की गई। पारस जीपर फैक्ट्री लगाने में सारा खर्च उसने अदा किया तथा सूरत सिंह द्वारा फैक्ट्री की देखरेख का काम किया जा रहा था ताकि स्कूल ड्रेस जो सूरत सिंह के नाम से ही है पारस जीपर फर्म से दो ढाई साल से माल भेजा जा रहा था, लेकिन बैंक स्टेटमेंट व हिसाब मिलाने पर उसकी फर्म के सीए द्वारा इस गबन का पता निकाला गया। जिसमें सूरत सिंह द्वारा 59,47,502 रुपये का गबन व धोखाधड़ी की गई। जब इस बारे उन्होने सूरत सिंह से पूछा तो वह मुझे जान से मारने की धमकी देने लगा।
आरोपी से उन्हें व उनके परिवार को जान माल का खतरा
उन्होंने आरोप लगाया कि सूरत सिंह ने उसके कारोबार को बहुत बड़ा नुकसान पहुंचाया है जो लगभग 1,09,47,502 रुपये का है। सूरत सिंह ने उसके साथ कारोबार में हिस्सेदारी करके विश्वासघात व धोखाधड़ी की है और हिसाब मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उद्योगपति महावीर जैन ने आरोपी सूरत सिंह के साथ हुई पार्टनरशिप डीड, शपथ पत्र व बैंक स्टेटमेंट की कॉपी सहित सभी सबूत पुलिस को सौंपते हुए कहा कि सूरत के संबंध आपराधिक किस्म के व्यक्तियों से है, इसलिए आरोपी से उन्हें व उनके परिवार को जान माल का खतरा है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए। वहीं इस संबंध में समालखा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर सूरत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।