महेंद्रगढ़ में सोमवार सुबह महेंद्रगढ़-दादरी स्टेट हाईवे पर हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के गेट नंबर-1 के सामने एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी अनुसार, सुबह लगभग साढ़े ग्यारह बजे एक स्विफ्ट कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में गांव भगडाना निवासी दीपिका पुत्री राजपाल गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के मुताबिक, दीपिका स्कूटी पर सवार होकर महेंद्रगढ़ के गांव जाटपाली स्थित हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय पढ़ने के लिए आ रही थी। जैसे ही वह विश्वविद्यालय की ओर मुड़ने लगी, तभी चरखी दादरी की तरफ से आ रही स्विफ्ट डिज़ायर कार से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए, यहां तक कि पिछला टायर और इंजन भी दूर जाकर गिरा।
यहां कोई स्पीड ब्रेकर या सुरक्षा व्यवस्था नहीं
हादसे की सूचना के बाद डायल-112 की गाड़ी मौके पर पहुंची। घायल स्कूटी सवार युवती दीपिका को उपचार के लिए महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर परिजन भी तुरंत अस्पताल पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती ने हेलमेट पहन रखा था, जिसके चलते उसकी जान बच गई। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि विश्वविद्यालय गेट के पास हाईवे पर कट होने के कारण वाहन इधर-उधर मुड़ते हैं, लेकिन यहां कोई स्पीड ब्रेकर या सुरक्षा व्यवस्था नहीं है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
सांसद चौधरी धर्मबीर ने केंद्रीय विश्वविद्यालय के गेट नंबर एक पर ब्रेकर बनाने के आदेश दिए थे
उन्होंने विश्वविद्यालय के गेट के सामने स्पीड ब्रेकर की व्यवस्था करने की मांग की है ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लग सके। बीते महीने महेंद्रगढ़-भिवानी लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे थे तो कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर टंकेश्वर कुमार ने केंद्रीय विश्वविद्यालय के गेट नंबर 1 जो महेंद्रगढ़ दादरी रोड पर पड़ता है पर ब्रेकर बनवाने का अनुरोध किया था जिस पर संज्ञान लेते हुए सांसद चौधरी धर्मबीर ने पीडब्ल्यूडी डिपार्टमेंट के एक्सईएन से दूरभाष पर बात कर तुरंत केंद्रीय विश्वविद्यालय के गेट नंबर एक पर ब्रेकर बनाने के आदेश दिए थे।
लेकिन 15 दिन से भी अधिक समय भी जाने के बाद भी सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह के आदेशों पर कर कोई कार्रवाई नहीं हुई जिसका नतीजा यह रहा कि सोमवार क्षेत्र के गांव भगड़ाना निवासी दीपिका स्कूटी पर सवार होकर केंद्रीय विश्वविद्यालय में पढ़ने जा रही थी कि जैसे ही वह विश्वविद्यालय के और मुड़ने लगी स्विफ्ट डिजायर जो स्पीड से आ रही थी टक्कर मार दी। वहीं सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह को उक्त घटना के बारे में पता चला तो उन्होंने पीडब्ल्यूडी डिपार्टमेंट के एक्शन को लताड़ा और मुख्यमंत्री के संज्ञान में पीडब्ल्यूडी डिपार्टमेंट के एक्शन की लापरवाही का यह मामला लाने की बात कही।