जम्मू भारी बारिश के बीच माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर मंगलवार को अचानक भूस्खलन हो गया। हादसे में 6 लोगों के मारे जाने की खबर है और 14 घायल हुए हैं। हालांकि मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका हैं इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। जानकारी मुताबिक अर्धकुमारी के पास लैंडस्लाइड में कुछ लोग घायल हुए। यहां रेस्क्यू जारी है। खराब मौसम के कारण वैष्णो देवी यात्रा स्थगित कर दी गई है. श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यह जानकारी दी है।
ट्रैक पर मौजूद श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया
यह हादसा अर्धकुंवारी के पास हुआ, जहां हजारों श्रद्धालु हर रोज मां वैष्णो देवी के दरबार की ओर जाते हैं। जोरदार धमाके के साथ पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर ट्रैक पर आ गिरे। घायल श्रद्धालुओं का कटरा स्थित अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के तुरंत बाद श्राइन बोर्ड और सुरक्षा बलों ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। ट्रैक पर मौजूद श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। स्थानीय प्रशासन और पुलिस के साथ-साथ एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर अलर्ट मोड पर है।
सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं को रस्सियों और बैरिकेडिंग की मदद से निकालते दिखे
बताया जा रहा है कि अर्द्धकुंवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास दोपहर करीब तीन बजे भूस्खलन की घटना हुई। अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी पर स्थित मंदिर तक जाने वाले 12 किलोमीटर के घुमावदार रास्ते के लगभग आधे रास्ते पर यह घटना हुई। भूस्खलन की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें ट्रैक पर फैला मलबा और चट्टानें साफ दिखाई दे रही हैं। बारिश के बीच सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं को रस्सियों और बैरिकेडिंग की मदद से निकालते दिखे।
माता वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी तौर पर रोक दिया गया
वहीं जम्मू शहर के सुंजवां इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए माता वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी तौर पर रोक दिया गया है। अर्धकुंवारी से भवन तक का मार्ग बंद कर दिया गया है। निचले ट्रैक से भी श्रद्धालुओं की आवाजाही सीमित कर दी गई है। जो श्रद्धालु यात्रा पर हैं, उन्हें सुरक्षित स्थलों पर ठहराया जा रहा है। जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में मोबाइल और इंटरनेट सेवा ठप है।