राज नगर में शनिवार रात को मामा ने अपने 18 वर्षीय भांजे की गर्दन में चाकू घोंप कर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वहीं मामले की सूचना मिलने पर पुलिस रात को ही मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये सिविल अस्पताल में भिजवाया। मृतक की मां की शिकायत पर माडल टाउन पुलिस ने मामा अफसर अंसारी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और रविवार को मृतक ओसीन अंसारी का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ओसीन अपने मामा अफसर अंसारी के साथ रहकर मेहनत मजदूरी करता था
पुलिस को दी शिकायत में गुलनाज खातून ने बताया कि वह बिहार के पूर्वी चंपारण की रहने वाली है। उसके 6 बच्चों में एक बेटा 18 वर्षीय ओसीन अंसारी था। ओसीन पिछले करीब 3 साल से पानीपत में अपने मामा अफसर अंसारी के साथ रहकर मेहनत मजदूरी करता था और अफसर भी यहां मेहनत मजदूरी करता है। अफसर अंसारी शहर के राजनगर की गली नंबर 4 में किराए के मकान में रहता है। गुलनाज ने बताया कि उसे पता लगा कि उसके बेटे ओसीन की मामा अफसर के साथ कई दिन पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी।
तेजधार हथियार से चोटें मारकर हत्या कर दी
जिसकी रंजिश रखते हुए 18 अक्टूबर की रात को राजनगर में अपने किराए के मकान की छत पर अफसर ने ओसीन की किसी तेजधार हथियार से चोटें मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि रात को दोनो ने छत पर बैठकर शराब पी और कहासुनी होने पर अफसर ने ओसीन की गर्दन में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस बारे में मॉडल टाउन थाना प्रभारी जगमेंद्र ने बताया कि आरोपी अफसर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मृतक ओसीन के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है और आरोपी अभी फरार है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।