करनाल के ढाक-वाला गुजरान गांव में एक शादी समारोह के दौरान उस समय खुशी मातम में बदल गई, जब डीजे पर नाच रहे 18 वर्षीय युवक आदित्य की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। बता दें कि शुक्रवार रात गांव में एक शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान आदित्य डीजे फ्लोर पर नाच रहा था। तभी कुछ युवक वहां पहुंचे और उसे बहाने से डीजे से बुलाकर सुनसान जगह पर ले गए। थोड़ी देर बाद चीख-पुकार मच गई - आदित्य पर चाकू से हमला कर दिया गया था।
परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं थी
गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजन और ग्रामीण उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के दादा ओम सिंह ने बताया कि परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। उनका कहना है कि आरोपियों ने साजिश के तहत आदित्य की बेरहमी से हत्या की है। परिजनों का आरोप है कि जिन युवकों ने वारदात को अंजाम दिया है, उनका पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस व एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।