हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन द्वारा आयोजित की जा रही 27वीं हरियाणा स्टेट गेम्स के अंर्तगत बुधवार को सोनीपत जिले के खरखौदा में राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिताओं की शुरूआत हुई। हरियाणा स्टेट कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं विधायक पवन खरखौदा के नेतृत्व में तीन दिन तक चलने वाली इन प्रतियोगिताओं का उदघाटन करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि इन आयोजनों ने हरियाणा के ग्रामीण अंचल में छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को न केवल बेहतर मंच मिल रहा है बल्कि उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाने के लिए एक नया रास्ता भी मिलेगा।
168 लड़क़े व 136 लड़कियां भाग ले रही हैं
हरियाणा स्टेट कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं विधायक पवन खरखौदा ने कहा कि तेरह वर्षों बाद यह प्रतियोगिता हरियाणा प्रदेश में आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेश के खिलाड़ी भारी संख्या में भाग ले रहे हैं। कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं सचिव योगेश कलरा ने बताया कि इस आयोजन में कुल 304 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 168 लडक़े व 136 लड़कियां भाग ले रही हैं। लडक़ों के लिए सात तथा लड़कियों के छह भार वर्ग के अंतर्गत प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।
44 टीम कोच तथा 26 तकनीकी स्टाफ को तैनात किया गया
एसोसिएशन के सचिव अनूप ने बताया कि तीन दिन तक चलने वाले आयोजन को सफल एवं पारदर्शी बनाने के लिए 44 टीम कोच तथा 26 तकनीकी स्टाफ को तैनात किया गया है। कराटे प्रतियोगिताओं के उदघाटन अवसर पर उपाध्यक्ष सूर्यदेव,कोषाध्यक्ष मोहित, संयुक्त सचिव जयदेव मूर्था,उपाध्यक्ष आशीष राठी,तकनीकी निदेशक सुशील शर्मा तथा सहायक निदेशक अनिल भारद्वाज सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।