loader
The Haryana Story | आर्य कॉलेज में 46वें इंटर जोनल युवा महोत्सव का हुआ भव्य आगाज़, कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने की शिरकत

आर्य कॉलेज में 46वें इंटर जोनल युवा महोत्सव का हुआ भव्य आगाज़, कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने की शिरकत

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर गाँव में इनडोर जिम, ई-लाइब्रेरी और सांस्कृतिक क्लब स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है

हरियाणा के पानीपत स्थित आर्य पी.जी. कॉलेज में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र द्वारा आयोजित 46वें इंटर जोनल युवा महोत्सव का आगाज़ ऊर्जा और उत्साह से भरपूर माहौल में हुआ। रंगारंग प्रस्तुतियों ने जहां दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं तालियों की गूंज से ओ.पी. शिंगला सभागार बार-बार गूंज उठा। दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पंचायत एवं विकास तथा खान एवं भूविज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देते हैं। 

राष्ट्र निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका 

राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम होती है। उन्होंने युवा महोत्सव को ऊर्जा का महोत्सव बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने में युवाओं का सबसे बड़ा योगदान रहेगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर गाँव में इनडोर जिम, ई-लाइब्रेरी और सांस्कृतिक क्लब स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक परिषद अध्यक्ष प्रो. डॉ. ऋषिपाल ने कहा कि आर्य कॉलेज में 46वें इंटर जोनल युवा महोत्सव की भव्यता और दिव्यता देखकर मन प्रफुल्लित हो गया।

आर्य पी.जी. कॉलेज को इंटर जोनल युवा महोत्सव आयोजित करने का दायित्व मिलना गर्व का विषय

वहीं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक विभाग के निदेशक डॉ. विवेक चावला ने कहा कि आर्य कॉलेज का प्रबंधन अतुलनीय है और यह आयोजन किसी विश्वविद्यालय के आयोजन से कम नहीं लगा। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि आर्य पी.जी. कॉलेज को इस वर्ष का इंटर जोनल युवा महोत्सव आयोजित करने का दायित्व मिलना गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि कॉलेज ने पिछले 20 वर्षों से करनाल जोनल युवा महोत्सव में प्रथम स्थान और 10 वर्षों से इंटर जोनल में शीर्ष स्थान बनाए रखा है। 

ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल में भी इतिहास रचा

आर्य कॉलेज ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल में भी इतिहास रचा है। विदित रहे कि इस महोत्सव में करनाल जोन के लगभग 40 कॉलेजों के 2500 प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कॉलेज प्रबंधक समिति के प्रधान सुरेंद्र शिंगला ने कहा कि संस्था विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सतत प्रयत्नशील है। कार्यक्रम के संचालन में प्रो. आस्था गुप्ता, डॉ. सोनिया सोनी और डॉ. रजनी शर्मा ने अपनी भूमिका निभाई।

Join The Conversation Opens in a new tab
×