loader
The Haryana Story | आदित्य चौटाला ने हरियाणा को बताया एक 'लावारिस' प्रदेश, बोले - एक अच्छे नेतृत्व और जुबान के धनी की तलाश

आदित्य चौटाला ने हरियाणा को बताया एक 'लावारिस' प्रदेश, बोले - एक अच्छे नेतृत्व और जुबान के धनी की तलाश

विधायक आदित्य चौटाला ने भाजपा और कांग्रेस पर लगाए कई आरोप

हरियाणा प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला सरकार जाने से लेकर अब तक हरियाणा प्रदेश एक लावारिस प्रदेश की तरह है और प्रदेश की जनता अब प्रदेश में एक अच्छे नेतृत्व करने वाले एक ऐसे जुबान के धनी बेटे को ढूंढ रही है, जो हरियाणा प्रदेश की जनता का अच्छी तरह से नेतृत्व कर सके और उसका नाम है अभय सिंह चौटाला, क्योंकि भाजपा से तो हरियाणा प्रदेश के लोग दुखी हैं और भाजपा से मिलीभगत करके हरियाणा प्रदेश में कांग्रेस का सफाया करवाने  में भूपेंद्र हुड्डा ने अपनी अहम भूमिका निभाई है, इसलिए हरियाणा प्रदेश से कांग्रेस आई हुई चली गई, और जो भविष्य में अब कभी नहीं आएगी। उक्त बातें डबवाली से विधायक और मार्केटिंग बोर्ड हरियाणा के पूर्व चेयरमैन आदित्य चौटाला ने कही। आदित्य चौटाला पानीपत के समालखा में इनेलो नेता मनोज जौरासी के निवास पर पहुंचे थे, जहां वो पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

प्रदेश की 'लाडो' के साथ एक धोखा किया जा रहा

आदित्य चौटाला ने भाजपा और कांग्रेस पर विभिन्न आरोप लगाते हुए उन्हें आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। यहां अपराधों की श्रेणी में भी हरियाणा प्रदेश अन्य प्रदेशों की बजाय आगे चल रहा है और अगर विकास की तरफ देखा जाए तो विकास में हरियाणा प्रदेश पीछे जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चाहे महिलाएं हो किसान हो और युवा हो, तीनों की बेकद्री हो रही है, क्योंकि प्रदेश की नायब सिंह सैनी सरकार ने चुनाव के दौरान हरियाणा की बेटियों के लिए वादा किया था कि हरियाणा प्रदेश में हमारी सरकार आने पर हम हर महीने लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं का सम्मान करेंगे। लेकिन प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद अब लाडो लक्ष्मी योजना के बारे में प्रदेश सरकार गंभीरता से उस वादे को पूरा नहीं कर रही और प्रदेश की सरकार अब कह रही है कि हम 1 साल में चार किस्तों में लाडो लक्ष्मी का सम्मान करने का काम करेंगे, कुल मिलाकर यह है प्रदेश की लाडो के साथ एक धोखा किया जा रहा है। 

भाजपा को लाडो के बारे में क्या पता लाडो क्या होती

आदित्य चौटाला ने यह भी कहा कि जिन महिलाओं की सालाना आय एक लाख से कम है यह लाभ भी उनको दिया जाएगा, अब सरकार महिलाओं की सालाना इनकम का कैसे आकलन करेगी कैसे नहीं, क्योंकि फैमिली आई.डी  में तो घर के मुखिया यानी पुरुषों की सालाना इनकम है, कुल मिलाकर सरकार के द्वारा लाडो लक्ष्मी योजना देने के प्रति महिलाओं को गुमराह करने जैसा काम किया जा रहा है। आदित्य चौटाला ने कहा कि भाजपा में कुछ नेता तो ऐसे हैं जिनके यहां लाडो लक्ष्मी ही नहीं है उनको लाडो के बारे में क्या पता लाडो क्या होती है। आदित्य चौटाला ने यह भी कहा कि अगर किसानों की बात की जाए तो भाजपा की सरकार में किसानों को कोई भी फायदा नहीं हुआ, किसान अपनी फसल को बेचने के लिए मंडी में कई-कई दिन तक अपनी फसल के रखवाली करता रहता है, इतना ही नहीं किसानों के लिए कोई भी कल्याणकारी ऐसी योजना नहीं बनाई गई जिससे किसानों को सीधा लाभ पहुंच सके।

रोजगार देने की बजाय उन्हें बेरोजगार करने का काम कर रही सरकार 

उन्होंने प्रदेश की सरकार पर आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने का ढिंढोरा तो पीट रही है, लेकिन वह कहीं ना कहीं युवाओं को बेरोजगार भी कर रही है। आदित्य चौटाला ने कहा कि मैं मार्केट कमेटी का चेयरमैन था और मुझे वहां पर काम करने वाले कुछ कर्मचारियों के फोन आ रहे हैं कि हमारे को मार्केट कमेटी से सरकार के द्वारा हटाने का काम किया जा रहा है, ऐसे में प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार देने की बजाय उन्हें बेरोजगार करने का काम कर रही है।

कांग्रेस पार्टी को बताया प्रदेश में खत्म होने वाली पार्टी 

आदित्य चौटाला ने कांग्रेस पार्टी को भी हरियाणा प्रदेश में खत्म होने वाली पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास अब कुछ नहीं बचा है, उनकी जो दुकान थी वह बंद हो चुकी है और दुकान में 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले जो भी थोड़ा बहुत सामान था वह 2024 के चुनाव में कांग्रेस के बड़े नेता की देखरेख में खत्म हो चुका है। उन्होंने कांग्रेस के उसे बड़े नेता पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा प्रदेश में 2024 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने कांग्रेस पार्टी को वोट देने का मन बनाया था, लेकिन उसे नेता की भाजपा के साथ सेटिंग हो गई, इसलिए हरियाणा प्रदेश में कुछ विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं जिनमें डमी उम्मीदवारों को खड़ा किया गया और उनके सामने कुछ कांग्रेस के ही टिकट कटने वाले उम्मीदवार भी खड़े हो गए, इसलिए यह सेटिंग करके किया गया और न ही कांग्रेस के उम्मीदवारों के सामने खड़ा होने वाले उम्मीदवारों की खुशामद की गई, ना उनको बैठाने का काम किया गया, इसलिए हरियाणा प्रदेश में आई हुई कांग्रेस भी चली गई और अब यह सदा सदा के लिए चली गई है। 

अभय सिंह चौटाला की करनी और कथनी में कोई फर्क नहीं

आदित्य चौटाला ने दावा किया कि अब हरियाणा प्रदेश की जनता एक ऐसे चेहरे को तलाश रही है जो हरियाणा प्रदेश को विकास की दृष्टि से आगे बढ़ा सके और अब प्रदेश की जनता की निगाहें अभय सिंह चौटाला पर हैं, क्योंकि अभय सिंह चौटाला की करनी और कथनी में कोई फर्क नहीं है, क्योंकि अभय सिंह चौटाला जो कहते हैं वह करते हैं और परमात्मा और प्रदेश की जनता ने अभय सिंह चौटाला को 2029 के विधानसभा चुनाव में हरियाणा प्रदेश की बागडोर संभालने का काम किया तो वहीं जनता का ताऊ देवीलाल और पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के सुशासन का समय आएगा, किसी के साथ भी कोई गलत काम नहीं होने दिया जाएगा और जिस तरह से भाजपा के नेता कहते हैं कि अधिकारियों पर लगाम नहीं है।

अधिकारियों पर लगाम लगाने का काम करने वाला नेता आएगा तो वह अभय सिंह चौटाला

अगर अधिकारियों पर लगाम लगाने का कोई काम करने वाला नेता आएगा तो वह अभय सिंह चौटाला आएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश के युवाओं, किसानों, व्यापारियों, छोटे दुकानदारों, खेतीहर व अन्य सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किए जाएंगे, कुल मिलाकर उन्होंने कहा कि आने वाला 2029 का समय प्रदेश की जनता का वह समय होगा जो चौटाला और देवीलाल का समय होता था। इस अवसर पर मनोज जौरासी, इनेलो जिला प्रधान कुलदीप राठी, नरेश राठी, जाट धर्मार्थ सभा के नव निर्वाचित प्रधान हिटलर जौरासी, कृष्ण दीवाना, राजरूप व कृष्ण गाहल्याण के अलावा काफी संख्या में इनेलो पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×