शुगर मिल कॉलोनी निवासी एक महिला सुशीला ने कुछ व्यक्तियों पर उसकी फर्म के जी.एस.टी. के साथ धोखाधड़ी करने, मोबाइल-ईमेल बदलने और 700 फर्जी बिल बनाकर 8 करोड़ से अधिक का टर्नओवर दिखाने का आरोप लगाते हुए एस.पी. को शिकायत दी है। एस.पी. के निर्देश पर थाना मॉडल टाउन में मामला दर्ज किया गया है। सुशीला ने शिकायत में बताया कि 2019 में उसने एक फर्म राज एंड संस के नाम से बनाई थी, जिसमें उसने प्लास्टिक रीसाइक्लिंग का काम शुरू किया था लेकिन कोरोना के कारण 2023 में उसे अपना व्यापार बंद करना पड़ा। इस दौरान मेरी फर्म की आई.टी.आर. उसके सी.ए. भागेश जैन भर रहे थे।
जी.एस.टी. को ऑनलाइन खोलना चाहा तो नहीं खुली
दिसम्बर, 2024 में उसके बेटे राकेश को उसके दोस्त सचिन निवासी मुखीजा कॉलोनी ने बताया कि उसका एक जानकार हिमांशु सी.ए. का काम करता है। वह उसकी फर्म की आई.टी.आर. भर देगा। उसने गत मार्च माह में फर्म के दस्तावेज और जी.एस.टी. के आई.डी. और पासवर्ड लिए। गत 20 नवम्बर को हमने अपनी जी.एस.टी. को ऑनलाइन खोलना चाहा तो नहीं खुली। उसने हिमांशु से संपर्क किया और इस बारे पूछा तो वह आनाकानी करने लगा। 26 नवम्बर को वह और उसका बेटा राकेश सी.जी.एस.टी. ऑफिस सैक्टर 13-17 पानीपत में गए तो वहां पर मौजूद अधिकारी के बताए अनुसार अपनी जी.एस.टी. को ऑनलाइन खोलकर देखा तो हमारी आई.टी.आर. निल की जगह लाखों की भरी जा रही है। हमारा इस साल का टर्नओवर भी 8 करोड़ से ज्यादा का बता रहा है।
अगर तुमने कहीं भी शिकायत करने की कोशिश की तो अच्छा नहीं होगा
जब इसकी जांच की तो पता चला कि मई से लेकर अक्तूबर तक उसकी फर्म से करोड़ों के बिल अलग-अलग 27 कंस्ट्रक्शन फर्मों के सीमेंट व अन्य सैनेटरी के सामानों के काटे गए हैं जबकि 2023 से लेकर अब तक फर्म में कोई काम नहीं किया है। हिमांशु से इस बारे में पूछा तो उसने कहा कि यह उसने अकेले नहीं किया है। इसमें उसके साथ पुराने पार्टनर हर्ष और अर्पित भी शामिल हैं। शिकायत करने पर दी धमकी इसके बाद पंचायती तौर पर मामला सुलझाने की बात कही गई। वह हर्ष और हिमांशु के साथ सैक्टर-25 के लिए चल पड़े। इस दौरान उनके साथ सचिन और दिनेश भी थे। सैक्टर-25 में हनुमान चौक पर पहुंचते ही कुछ लोगों ने गाड़ी को रुकवाया। इस दौरान वहां हर्ष के पिता व कुछ अन्य युवक भी थे जिनके हाथ में लाठी और डंडे थे। उनमें से एक ने उसके बेटे राकेश को कहा कि उसका नाम नीरज राणा है और यह सब काम वह करवाता है। अगर तुमने कहीं भी शिकायत करने की कोशिश की तो अच्छा नहीं होगा।